जोन 5 के महानगर में अवैध अपार्टमेंट पर फिर चला #LDA का हथौड़ा

बिल्डर द्वारा एकल आवासीय भवन के स्वीकृत मानचित्र के विरूद्ध 463.21 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाया गया है अपार्टमेंट

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में महानगर के सेक्टर-बी में एकल आवासीय भवन के स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाये गये अवैध अपार्टमेंट के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।

प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि खुर्रम बिल्डर एवं राहुल मिश्रा, अनिमेश मिश्रा, प्रमोद मिश्रा व अन्य द्वारा महानगर के सेक्टर-बी में भूखण्ड संख्या सी-362 पर स्वीकृत एकल आवासीय मानचित्र के विपरीत लगभग 463.21 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पांच मंजिला अवैध निर्माण किया गया था। इसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-274/2020 योजित करते हुए बिल्डिंग के अवैध हिस्से को ध्वस्त करने के आदेश पारित किये गए थे। विपक्षी द्वारा इस आदेश के खिलाफ मण्डलायुक्त, लखनऊ न्यायालय में अपील की गयी थी, जिसे मण्डलायुक्त न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिया गया।

अपील निरस्त होने पर प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता शीतल प्रसाद, अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव व सुशील कुमार वर्मा द्वारा सोमवार को प्रश्नगत स्थल के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही प्रचलित की गयी, जोकि लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।

जोनल अधिकारी ने बताया कि बिल्डर द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत चौथी व पांचवी मंजिल व सेटबैक का विचलन करते हुए अवैध निर्माण किया गया है। मंगलवार को प्रवर्तन दल, प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल की उपस्थिति में जे0सी0बी0 तथा मजदूरों के माध्यम से बिल्डिंग के अवैध हिस्से को तोड़ने का काम किया गया। इस दौरान फ्लैटों की दीवार, पिलर, छज्जे आदि निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage