#LDA Zone 5 गुड़म्बा में अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को गुड़म्बा क्षेत्र में एक अवैध निर्माण सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि मो0 आरिफ पुत्र मो0 रेहान व अन्य द्वारा प्लाट संख्या-61, खसरा संख्या-92, ग्राम-गुड़म्बा, बख्शी का तालाब में अनियोजित कालोनी में लगभग 1500 वर्गफुट क्षेत्रफल में भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल का निर्माण कराया गया था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-569/2022 योजित किया गया था। इसके बाद भी विपक्षी द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोका गया तथा वर्तमान में स्थल पर प्लास्टर का कार्य कराया जा रहा था। इस पर दिनांक-28.10.2022 को विहित प्राधिकारी द्वारा प्रश्नगत स्थल को सील करने के आदेश पारित किये गए थे।

उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता शीतल प्रसाद की उपस्थिति में अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव व सुशील वर्मा द्वारा स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण के सीलिंग की कार्यवाही की गयी।

Related Articles

Back to top button
btnimage