LDA News: जोन 2 के आशियाना में अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को आशियाना क्षेत्र में एक अवैध निर्माण सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि शीतला प्रसाद त्रिपाठी पुत्र माता बदल त्रिपाठी द्वारा भूखण्ड संख्या-1313, सेक्टर-आई, एलडीए कालोनी, कानपुर रोड योजना, थाना-आशियाना पर 142.83 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आवासीय हेतु स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट एवं भूतल पर दुकानों व प्रथम तल पर हाॅल का निर्माण कराया गया था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-397/2022 योजित किया गया था। इसके बाद भी विपक्षी द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया और वर्तमान में द्वितीय तल पर स्लैब हेतु शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था, जिसके मद्देनजर परिसर को सील किये जाने के आदेश पारित किये गए थे।
उक्त आदेश के अनुपालन में अवर अभियंता बिजेन्द्र सिंह, उस्मान अली एवं संजय मिश्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर कराये जा रहे अवैध निर्माण को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।







