जोनल अधिकारी स्वयं फील्ड पर उतर कर करें अवैध निर्माणों पर कार्यवाहीः डॉ0 रोशन जैकब

लखनऊ 27 अगस्त 2022

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब व उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को प्राधिकरण भवन स्थित मसऊद सभागार में बैठक करके प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने कहा कि समस्त जोनल अधिकारी स्वयं फील्ड पर उतर कर अवैध निर्माणों/प्लाटिंग के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। साथ ही उन्होंने अवैध प्लाटिंग, रो-हाउसेज, अपार्टमेंट व कॉमर्शियल निर्माणों के खिलाफ अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

बैठक के दौरान उनके समक्ष चक गंजरिया सिटी में प्रस्तावित ‘कन्वेंशन सेंटर एंड कॉमर्शियल हब’ का प्रेजेन्टेशन दिया गया। उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि यह कन्वेंशन सेंटर एंड कॉमर्शियल हब का निर्माण लगभग 52,000 वर्ग मीटर जमीन पर प्रस्तावित है। कंसल्टेंट द्वारा बैठक में इसके दो डिजाइन, क्रमशः ‘ट्विन टावर विद लोटस डिजाइन’ एवं ‘सी-शेल डिजाइन’ प्रोजेक्टर स्क्रीन पर दिखाये गए। इसके अंतर्गत विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम, शॉपिंग एरिया, होटल, बैन्क्वेट व पार्किंग आदि का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अवस्थापना सुविधा के अर्न्तगत 5 करोड़ रूपये की लागत से बटलर पैलेस झील और वेट लैण्ड के अंतर्गत होने वाले कार्यों का भी प्रेजेन्टेशन दिया गया।

 

इस मौके पर सचिव पवन कुमार गंगवार ने मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब को ई-निलामी के माध्यम से निस्तारित की जाने वाली प्राधिकरण की व्यवसायिक सम्पत्तियों की बुकलेट का अवलोकन कराया। इसके उपरांत उन्हें जोन वार की गयी प्रवर्तन की कार्यवाही से अवगत कराया गया। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि 01 जनवरी 2022 से लेकर अब तक के सभी सीलिंग आदेश
दृष्टि एप पर फोटो के साथ तत्काल अपलोड किये जाएं तथा इसी के अनुसार सील बिल्डिंगों की मॉनिटरिंग की कार्यवाही की जाए।

 

बैठक में विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर, अरूण कुमार सिंह, डी0के0 सिंह, रामशंकर, राजीव कुमार, देवांश त्रिवेदी, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता एवं नवनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage