#LDA उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जनेश्वर मिश्र पार्क के पास स्थित बंधा रोड का निरीक्षण किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने गुरुवार को जनेश्वर मिश्र पार्क के पास स्थित बंधा रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम करने और आसपास हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थल निरीक्षण में पाया गया कि बरसात के पानी की निकासी के लिए बंधा रोड के किनारे लगायी गयी लोहे की जालियां कुछ अज्ञात लोगों द्वारा तोड़कर निकाल ली गयी हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने यहां लोहे की जालियों के स्थान पर ब्रिक वर्क वाली जालियां बनाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त एक-दो जगहों पर यह पाया गया कि नाली के किनारे ग्रीन बेल्ट वाले स्थानों पर बरसात का पानी निकल कर सड़क को काट रहा है। इस सम्बंध में उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि ऐसी जगहों पर मिट्टी भरकर इंटर लॉकिंग टाइल्स लगायी जाए, जिससे कि वहां वॉटर लॉगिंग न हो सके। इसके अलावा रोड के किनारे कुछ जगहों पर टाइल्स धंस गयी थीं, जिनकी मरम्मत कराने हेतु निर्देश दिये गये। बंधा रोड के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष की नजर आसपास हो रही अवैध प्लाटिंग/निर्माण पर पड़ी। इस पर उन्होंने जोन-1 के जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह को तत्काल यहां का सर्वे कराकर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक अभियंता आलोक सिंह एवं राजकुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








