संवेदनशील प्रकरणों में विशेष कार्याधिकारी खुद स्थल पर जाकर करेंगे जांच: इंद्रमणि त्रिपाठी

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में आज गुरूवार को प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हाल में प्रातः 10ः00 बजे से “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि संवेदनशील प्रकरणों के निस्तारण के लिए सम्बंधित विशेष कार्याधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगे।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा जनता अदालत में स्वयं उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया। इस दौरान जनता अदालत में पहुंचे कानपुर के किदवई नगर निवासी संदीप कुमार दास ने कानपुर रोड स्थित मानसरोवर योजना में उन्हें आवंटित भूखण्ड पर कब्जा दिलाये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया। इस पर उपाध्यक्ष महोदय द्वारा नजूल अधिकारी को दो दिन में प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिये गए। इसी तरह मकदूमपुर निवासी जसवंत सिंह ने गोमती नगर विस्तार के भूखण्ड संख्या-1/997 की रजिस्ट्री के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित ओएसडी, अपर सचिव व अधिशासी अभियंता की संयुक्त टीम गठित करते हुए स्थल पर जाकर सीमांकन की कार्यवाही कराकर रजिस्ट्री करने के निर्देश दिये गए। इस मौके पर अलीगंज के शेखुपुरा निवासी राजेश सिंह ने बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एन में भूखण्ड की रजिस्ट्री के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारियों को दो दिन में प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिये।

 

इसके अलावा चौक के लाजपत नगर निवासी शैलेन्द्र शर्मा ने बालागंज चौराहे के पास अवैध रूप से हो रहे एक व्यवसायिक निर्माण के सम्बंध में शिकायत की, जिस पर उपाध्यक्ष ने जोन-7 के जोनल अधिकारी को खुद मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिये। इस क्रम में अंशुल त्रिपाठी द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि उनकी मामी नीलू देवी बीमार हैं और उनके पक्ष में अलीगंज के सेक्टर-क्यू स्थित मकान की रजिस्ट्री होनी है। इस पर उपाध्यक्ष ने जोन-4 के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि जनता अदालत में कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में उपाध्यक्ष महोदय द्वारा समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।

Related Articles

Back to top button
btnimage