प्रियदर्शिनी कॉलोनी में अवैध निर्माण सील, जोन 3 में अवैध निर्माण को खुली छूट

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शनिवार को प्रियदर्शिनी कॉलोनी में किये जा रहे एक अवैध निर्माण को सील किया गया।
जोन-4 के जोनल अधिकारी/विहित प्राधिकारी डी0के0 सिंह ने बताया कि के0के0 गुप्ता द्वारा प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराये मड़ियांव स्थित प्रियदर्शिनी कॉलोनी के भूखण्ड संख्या-1/1 पर लगभग 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किया जा रहा था। जिसके विरु़द्ध विहित न्यायालय में वाद योजित किया गया था। इसके बाद भी विपक्षियों द्वारा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस पर स्थल को सील किये जाने के आदेश दिये गए थे। उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता नित्यानन्द चौबे, संजय शुक्ल, बिजेन्द्र कुमार शर्मा व अजय महिन्द्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने की पुलिस बल के सहयोग से स्थल को सील कर दिया गया।
वहीं दूसरी तरफ जोन 3 के पारा थाना क्षेत्र में अवैध निर्माण पर विहित न्यायालय में वाद संख्या 261/2022 योजित होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जानकारी मुताबिक अवर अभियंता की सुस्त कार्यवाही के चलते निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। जिसमे विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह निर्माण आज पूरा हो चुका है।
अब सवाल उठता है कि आखिरकार जोन 3 के अवर अभियंताओं को किसका संरक्षण प्राप्त है जो खुलेआम जोन 3 के पारा क्षेत्र में अवैध निर्माण दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और अभियंता इसपर लगाम लगा पाने में क्यों फेल साबित हो रहे हैं?








