भगवा रंग में रंगी अपर्णा, रास आने लगा राम राज्य

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात् अपर्णा यादव ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाक़ात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपर्णा यादव का स्वागत करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर अपर्णा यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। जबकि अखिलेश यादव के शासन काल में गुंडागर्दी को महत्त्व दिया जाता था। बेटा-बेटी या किसान कोई भी सुरक्षित नहीं था, शाम ढलते ही लोग घरों का दरवाजा बंद कर लेते थे। अपर्णा यादव के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पार्टी के चुनाव अभियान को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का सतत विकास हो रहा है, जबकि अखिलेश यादव दूसरे के विकास कार्यों पर अपना स्टीकर चस्पा करने का काम करते रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में राज्य के किसी क्षेत्र का विकास नहीं किया। अखिलेश यादव जब अपने परिवार को संभालने में सफल नहीं हुए तो प्रदेश को क्या संभालेंगे। अखिलेश यादव राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में असफल थे ही साथ ही, सांसद के रूप में भी असफल रहे हैं।

अपर्णा यादव ने भाजपा में शामिल होने पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आभार जताते हुए कहा कि मैं हमेशा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से प्रभावित रही हूँ। स्वच्छ भारत मिशन हो या महिला स्वावलंबी योजना, भाजपा की सभी योजनाओं से मैं प्रभावित रही हूँ। मैं राष्ट्र प्रथम की भावना से राष्ट्र की आराधना करने निकली हूँ, भाजपा में रह कर मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, अपनी क्षमता अनुसार उसका निर्वाह करने की कोशिश करुँगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage