सपा को भी है पता, बहू बेटी सिर्फ़ भाजपा में सुरक्षित: अनुराग ठाकुर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव सहप्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को सपा नेत्री अपर्णा यादव का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार लगातार बड़ा हो रहा है। विभिन्न दलों से आने वाले नेताओं से भाजपा की ताकत बढ़ेगी। कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए जितने काम किये हैं उतना काम किसी भी सरकार में नहीं हुआ है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को स्वावलंबन, स्वाभिमान, सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है। सपा नेताओं को भी पता है कि भाजपा सरकार में उनकी बहू बेटियां भी सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में बहुत सारे एमएलए, एमएलसी, पूर्व विधायक समाजवादी पार्टी को और बाकी पार्टियों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए हैं,जिनका हम स्वागत करते हैं, जिनसे भारतीय जनता पार्टी को ताकत मिलेगी। आज मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई है हम उनका भी स्वागत करते हैं ये अपने आप में उस ओर इशारा करता है कि उत्तर प्रदेश में पिछले 5 वर्षों में योगी जी की सरकार ने किस तरह से बहू-बेटी को सुरक्षा देने का काम किया है।
महिला आज रात को भी बाहर निकल सकती है, काम पर जा सकती है सुरक्षित महसूस करती है, महिला को सुरक्षा और अधिकार देने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। फर्क साफ है कि बहू और बेटी सब भारतीय जनता पार्टी में सुरक्षित हैं। स्वामी प्रसाद मौर्या की बेटी हो या मुलायम सिंह यादव की बहू यह उदाहरण सबके सामने है। दोनों ही भारतीय जनता पार्टी में अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हैं। मोदी और योगी के राज में उत्तर प्रदेश में हमारी 25 करोड़ की आबादी में मेरी माताएं-बहने, बहू-बेटियां भी अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।








