‘सेन्टर फार डेवलपमेन्ट एक्शन्स’ द्वारा ग्लोबल ग्राम प्रोजेक्ट का होगा लोकार्पण

राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के तत्वावधान में संवाद का कार्यक्रम कल आयोजित किया जायेगा। अलीगंज स्थित पंचायतीराज विभाग के निदेशालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान ‘सेन्टर फार डेवलपमेन्ट एक्शन्स’ द्वारा ग्लोबल ग्राम प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी किया जायेगा।
यह जानकारी संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ0 अखिलेश सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी जनपदों से 500 से अधिक ग्राम प्रधान कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। संगठन, विभाग, शासन तथा सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित कर पंचायतीराज व्यवस्था की चुनौतियों का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन ने ‘सेन्टर फार डेवलपमेन्ट एक्शन्स’ के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत राज्य के 100 गांवों को ग्लोबल ग्राम के रूप में विकसित किये जाने सम्बन्धी प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी कल किया जायेगा।
डॉ0 सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास एवं राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह तथा पंचायतीराज निदेशक अनुज कुमार झा सहित कई अन्य अधिकारी संवाद में शामिल होंगे। उन्होने बताया कि ग्राम्य विकास सम्बन्धी विचारों के साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चार लोगों को पंचायत पथिक सम्मान से नवाज़ा जाएगा, जिनमें सिद्धार्थनगर जनपद की हुसड़ी अवसानपुर ग्राम पंचायत के प्रधान दिलीप कुमार त्रिपाठी, लखनऊ जनपद के लतीफपुर गांव की तत्कालीन प्रधान श्वेता सिंह, गोरखपुर के कौड़ीराम विकास खण्ड के तत्कालीन जिला पंचायत सदस्य विनय वर्मा स्वर्णकार तथा बाराबंकी के चैनपुरवा गांव में स्वरोजगार की अलख जगाने वाले इंजीनियर निमित कुमार सिंह शामिल हैं।








