ब्रजवासियों को मिले 14 पार्क, अगले 15 दिन में पूरा करें शेष 9 पार्क का काम: श्रीकान्त शर्मा

ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा अमृत योजना के तहत 1.18 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किये गये 4 पार्कों का जनप्रतिनिधियों व ब्रजवासियों के साथ वर्चुअल लोकार्पण किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब तक 14 पार्क इस योजना के तहत तैयार हो चुके हैं शेष 9 पार्कों को अगले 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए गये हैं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य व बच्चों के मनोरंजन के लिए जनप्रतिनिधियों व जनसहयोग से पार्कों का संरक्षण किया जाये। हरित ब्रज की दिशा में उनमें जनसहयोग से वृक्षारोपण भी हो।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ब्रज के पुरातन स्वरूप को लौटाने के लिए इस वर्ष 31 लाख पौधे लगाए गए हैं। पूर्व सरकार में आतंक और अवैध कब्जे के पर्याय बने राजकीय उद्यान जवाहर बाग का 16 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। इसके अलावा 150 नये व सौन्दर्यीकृत पार्कों का उपहार ब्रजवासियों को प्रदेश की वर्तमान सरकार में मिल रहा है। आज अमृत योजना के तहत रामनगर यमुना पार वार्ड नंबर 25 में 26.24 लाख की लागत से शिवनगर वाला पार्क, महाविद्या कालोनी वार्ड नंबर 31 में 50.25 लाख की लागत से गोविंदनगर पार्क, जयसिंहपूरा वार्ड नंबर 33 में 18.62 लाख की लागत से पंचवटी कॉलोनी पार्क व राधानगर वार्ड नंबर 34 में 35.35 लाख की लागत से द्वारिका एनक्लेव पार्क का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में महापौर मुकेश आर्यबन्धु, पार्षद चौधरी राजवीर सिंह, सोनू गौड़, रूप सिंह पटेल, कविता शर्मा, महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी, राजू यादव समेत मंडल अध्यक्ष व महामंत्रीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage