धान क्रय करने के उपरान्त किसानों का भुगतान समयानुसार कराये जाने के निर्देश : मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में सहकारिता विभाग द्वारा अभी तक 20,70,535.244 मै0 टन धान की खरीद की गई है जो लक्ष्य का 96.30 प्रतिशत है। सहकारिता विभाग द्वारा धान क्रय केन्द्रों पर किसानों से धान खरीद का कार्य बेहतर ढंग से किया जा रहा है।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने देते हुए बताया कि मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत वर्तमान वर्ष में देवीपाटन मण्डल में सहभागिता विभाग द्वारा 1,27,000.000 मै0 टन लक्ष्य के सापेक्ष 28 दिसम्बर, 2020 तक 1,54,003.584 मै0 टन खरीद की जा चुकी है जो लक्ष्य का 121.26 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि मूल्य समर्थन योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष- 2020-21 में किसानों को उनकी धान की उपज का लाभकारी मूल्य दिलाये जाने हेतु सहकारिता विभाग की तीन क्रय एजेन्सियों पी0सी0एफ0, पी0सी0यू0 एवं यू0पी0एस0एस0 द्वारा धान खरीद का कार्य किया जा रहा है।
सहकारिता मंत्री ने यह भी बताया कि धान क्रय केन्द्रों पर किसानों को कोई असुविधा नहीं हो इसके लिए विभागीय अधिकारियों एवं धान क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिये गये है। उन्होंने बताया कि धान खरीद केन्द्रों पर किसानों के बैठने, पेजयल, सेनेटाइजर तथा काविड-19 के नियमों का पालन अवश्य किये जाने के निर्देश भी दिये गये है। उन्होंने यह भी बताया है कि किसानों से धान क्रय करने के उपरान्त किसानों का भुगतान भी सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए समयानुसार कराये जाने के निर्देश दिये गये है।







