मंत्री सुरेश खन्ना ने गाजियाबाद में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की

गाजियाबाद।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के द्वारा आज कलेक्ट्रेट के महात्मा गाँधी सभागार में बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। मंत्री ने प्रथम चरण में जनपद की आर्थिक व्यवस्था राजस्व वसूली एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। समीक्षा में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से जहां-जहां से भी राजस्व प्राप्ति की संभावना बने वहां पर लगातार संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करते हुए राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व वसूली को सुनिश्चित कराते हुए जनपद की आर्थिक व्यवस्था सुधारने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक क्षेत्र में राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व वसूली बढ़ाने औद्योगिक विकास को गतिशीलता देने के क्षेत्र में सभी प्रशासनिक एवं उद्योगों से जुड़े हुए अधिकारियों के द्वारा विशेष प्रयास करते हुए जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अभियान चलाकर विशेष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनपद गाजियाबाद की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत बन सके। समीक्षा में उन्होंने निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर कब्जा न हो। इस संबंध में उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी गण एवं कर्मचारी गण सजग रहें। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे विवादित स्थलों पर जहां कब्जा है एवं लीगल केस चल रहे हैं उनको नोटिस देकर कब्जा प्राथमिकता पर हटवाया जाए जिस पर नगर आयुक्त द्वारा मंत्री को अवगत कराया गया कि नगर निगम द्वारा 678 करोड़ की सरकारी जमीन को खाली कराया गया है।

जनपद में अतिक्रमण की समस्या को लेकर मा0 मंत्री ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाए जाने के संबंध में जीडीए, नगर पालिका में नगर पंचायत, उप जिलाधिकारी एवं वन विभाग की टीम बनाकर एवं सर्वेक्षण करा कर उसके खिलाफ कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने अवैध खनन/परिवहन के संदर्भ में प्रगति के कम पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरुद्ध असंतोष प्रकट करते हुए जनपद में कार्यवाही बढ़ाने के निर्देश दिए गए और इस क्षेत्र में अधिक से अधिक राजस्व वसूली करने के संबंध में निर्देशित किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि अवैध खनन के संबंध में वाहनों की रेंडम चेकिंग कराई जाए एवं जिस वाहन पर खनन संबंधी आवागमन की परमिशन न हो उस वाहन को जप्त कराने की कार्रवाई कराई जाए।

मा0 मंत्री जी ने विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में औद्योगिक इकाइयों को अनवरत रूप से विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत से संबंधित उनकी समस्याओं का तत्काल प्रभाव से निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनपद का औद्योगिक विकास और अधिक तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि विभागीय अधिकारियों के द्वारा अभियान संचालित करते हुए सड़कों को निर्धारित समय अवधि के भीतर गड्ढा मुक्त बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन सड़कों में जहां पर जलभराव हो रहा है वहां पर सीसी रोड बनाने को विभागीय अधिकारियों के द्वारा प्राथमिकता दी जाए। कार्य प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित जनप्रतिनिधि को भी होने वाले कार्यों की सूचना विभागीय अधिकारियों के द्वारा दी जाए ताकि सभी कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में सड़कें तैयार हो सकें।

मंत्री  ने नगर निगम एवं जनपद की नगर क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए अमृत योजना के अंतर्गत कहा कि सभी नागरिकों को मानकों के अनुसार जलापूर्ति करने की दिशा में अधिकारियों के द्वारा विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सरकारी विभाग के विद्युत बकाया के संबंध में निर्देशित किया कि ऐसे संबंधित विभागों की सूची बनाकर शीघ्र वसूली कराई जाए। इसी प्रकार उन्होंने स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया। जनपद गाजियाबाद को विगत वर्षों में स्वच्छता कार्यक्रम में हमेशा अच्छी श्रेणी प्राप्त हुई है। अतः उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी समय में बृहद स्तर कार्रवाई कराते हुए स्वच्छता पर विशेष बल दिया जाए ताकि जनपद गाजियाबाद पुनः स्वच्छता रैंकिंग में नंबर 1 आकर कीर्तिमान स्थापित करें। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि सरकार के द्वारा विभिन्न विकास से जुड़ी हुई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्हें संबंधित अधिकारियों के द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएं ताकि सभी विकास कार्यक्रमों का लाभ जनसामान्य सामान्य को सरलता एवं समय बद्धता के साथ प्राप्त हो सके। निराश्रित गोवंश के संरक्षण की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि गोवंश संरक्षण में सभी जनप्रतिनिधि प्राइवेट लोगों एवं संस्थानों का सहयोग प्राप्त करते हुए कम से कम 5 लोगों को सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जोड़ें।

उन्होंने कहा कि कोई भी सेवा का काम प्रतिफलित जरूर होता है अगर पूरे मन और श्रद्धा से किया जाए, इसीलिए सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को हम सब को गंभीरता से लेना चाहिए। चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सरकार की आयुष्मान भारत जैसी महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों के गोल्डन कार्ड बनवाए जाएं। इस संबंध में उन्होंने निर्देशित किया कि हर बड़े अस्पताल में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड का एक काउंटर होना चाहिए जिससे अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण योजना से जुड़ सकें। दूसरे चरण में मंत्री जी ने जनपद के कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ गहनता के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि विगत वर्ष की भांति जनपद में सभी अपराधों में कमी आई है। आगे भी अधिकारियों के द्वारा इसी क्षमता के साथ अपने कार्य को अंजाम दिया जाए ताकि जनपद में अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने लंबित विवेचना में तत्परता के साथ कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों तथा भू माफियाओं पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। समीक्षा में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी को निर्देशित किया कि जनपद गाजियाबाद में चौराहे पर जो जाम की समस्या है उसको समाप्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि जाम की वजह से अस्पताल ड्यूटी एवं आवश्यक कार्य से जाने वाले लोगों को समस्या होती है, उनके समय की बर्बादी भी होती है साथ ही जब जाम लगता है तो शहर की एयर क्वालिटी ख़राब होती है इसलिए अनावश्यक जाम न लगने दिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि अपरंपरागत साप्ताहिक बाजारों को न लगने दिया जाए एवं साप्ताहिक बाजार लगाने वाले लोग स्थानीय रहे और अनावश्यक दूर से आने वाले लोग बाजार न लगाएं जिस पर नियंत्रण रखा जाए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अतुल गर्ग, नगर निगम की महापौर आशा शर्मा, सभी विधायक गण, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage