शहरी बेघरों के लिए आश्रय स्थल की 148 परियोजनाएं स्वीकृत

लखनऊ।
दीनदयाल अन्त्योदय योजनान्तर्गत (राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) शहरी बेघरों के लिए आश्रय स्थल की 148 परियोजनाएं स्वीकृत की गयी हैं। इस योजना के तहत 93 शेल्टर होम पूर्ण हो चुके हैं और अवशेष पर कार्य प्रगति पर है।
नगर विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजनान्तर्गत शहरी गरीब परिवारों को गतिशील करते हुए सामुदायिक ढांचों के गठन के द्वारा उनको रोजगार एवं कौशल विकास प्रदान कर वेतनयुक्त रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने में सक्षम बनाकर उनकी गरीबी और असुरक्षा को दूर किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त शहरी बेघर लोगों को भी आवश्यक सेवाओं से युक्त बेहतर आश्रय प्रदान किये जाने के साथ ही शहरी पथ विक्रेताओं को उनके कार्य के लिए उपयुक्त स्थलों, संस्थागत ऋण, सामाजिक सुरक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना भी इस योजना की परिधि में आच्छादित है। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन का मूल लक्ष्य शहरी गरीब से है। इनमें विशेषतः शहरी बेघर, पथ विक्रेता, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला, अल्पसंख्यक, विकलांग एवं अत्यन्त कमजोर वर्ग को लाभान्वित करना प्राथमिकता में शामिल है।








