UPCM योगी आदित्यनाथ ने ‘ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2’ के समापन सत्र को सम्बोधित किया

लखनऊ (28 जुलाई, 2019)।
UPCM योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2’ के समापन सत्र को सम्बोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में पूंजी निवेश करने वाले उद्यमियों एवं निवेशकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने उद्योगपतियों, उद्यमियों और निवेशकों का हार्दिक स्वागत व अभिनन्दन करते हुए कहा कि सभी ने ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट-2018’ में भाग लिया था और उनकी भागीदारी से प्रदेश में निरन्तर पूंजी निवेश हो रहा है।

#UPCM_NEWS, केन्द्रीय गृह मंत्री ने ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाने में निवेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत को 05 ट्रिलियन डाॅलर की अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश के योगदान की चर्चा करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2024 तक यह प्रदेश 01 ट्रिलियन डाॅलर की इकोनाॅमी के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उद्यमियों व निवेशकों की सहभागिता से प्रदेश में विकास की सम्भावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 02 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा उद्योग स्थापना व पूंजी निवेश के सम्बन्ध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन निर्णयों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में निवेशकों और उद्योगपतियों ने पूंजी निवेश किया है। उन सभी का भरपूर सहयोग मिला है। प्रदेश में निवेशकों और राज्य सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ है। साथ ही, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 के उद्घाटन सत्र की नींव करते हुए

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ‘ग्राउण्ड बे्रकिंग सेरेमनी-2’ के तहत केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 65,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारम्भ किया गया है। ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट-2018’ के तहत हस्ताक्षरित एम.ओ.यू. के 40 प्रतिशत प्रस्तावों पर पिछले 02 वर्षों में कार्य प्रारम्भ हो चुका है। शीघ्र ही ‘ग्राउण्ड बे्रकिंग सेरेमनी-3’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुनः 62 से 65 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों का शुभारम्भ होगा। अगले वर्ष ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन किया जाएगा और इस प्रकार वर्ष 2024 तक निवेशकों के सहयोग से प्रदेश को 01 ट्रिलियन डाॅलर की इकोनाॅमी बनाए जाने में सफलता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अनेक सम्भावनाओं वाला राज्य है। राज्य सरकार लगातार ऐसे कार्य कर रही है, जिनसे निवेशकों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अगस्त-2020 तक बन जाएगा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर कार्य चल रहा है। 90 प्रतिशत से अधिक भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। आने वाले 02 महीनों के अन्दर इसका शिलान्यास किया जाएगा। इसी प्रकार मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे बनाए जाने के सम्बन्ध में सर्वे प्रारम्भ हो चुका है। इन सभी से प्रदेश में बेहतर कनेक्टीविटी उपलब्ध होगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास’ की मंशा के अनुरूप टीम भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। पूर्व में मात्र 03 एयरपोर्ट प्रदेश मेें उपलब्ध थे। अब 06 एयरपोर्ट संचालित हैं और 09 पर कार्य चल रहा है। जेवर और कुशीनगर एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में शीघ्रता से कार्यवाही की जा रही है। लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा में मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध है। आगरा व कानपुर में मेट्रो रेल की उपलब्धता के लिए कार्यवाही हो रही है। इसी प्रकार, सभी जनपद मुख्यालय 4-लेन से जोड़े जा रहे हैं।

UPCM योगी ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रचुर सम्भावनाएं हैं। इसके सम्बन्ध में राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। देश का पहला वाॅटर-वे हल्दिया से वाराणसी तक बनाया जा चुका है। इसे प्रयागराज तक जोड़े जाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुम्भ-2019 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें 24 करोड़ श्रद्धालु व तीर्थयात्रियों ने भागीदारी की।

मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि अमित शाह को गणेश जी की प्रतिमा प्रतीक स्वरूप भेंट करते हुए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना ‘हर घर तक नल’ और शुद्ध जलापूर्ति उपलब्ध कराने का है। इस क्षेत्र में निजी निवेशक कार्य कर सकते हैं। इसी प्रकार, विद्युत, साॅलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेण्ट, पब्लिक ट्रांसपोर्ट आदि क्षेत्रों में भी निजी क्षेत्र की भागीदारी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, डाटा सेण्टर व एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग सम्बन्धी नीतियां लागू की जाएगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह, औद्योगिक विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा, मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव औद्यागिक विकास आर.के. सिंह सहित बड़ी संख्या में निवेशक व उद्यमी, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage