UPCM योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मण्डल की स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की

सहारनपुर (29 जून, 2019)।
UPCM योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मण्डल में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बीमारियों की रोकथाम के पुख्ता उपाय करने के भी निर्देश दिए। सहारनपुर मण्डल के तीन जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आयुष्मान भारत योजना’ का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में बसे अंतिम व्यक्ति को भी मिलना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में अगले दो महीनों में गोल्डन कार्ड का वितरण शत-प्रतिशत करने की दिशा में काम किया जाए।

UPCM योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मण्डल की स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम से पहले गांवों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और थर्मोकोल पर प्रशासन पूर्णतः रोक लगाए। इनकी वजह से नालियों का पानी रुकता है, जिससे कई तरह की बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। अधिकारी इनके इस्तेमाल पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए कारगर कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अधिकारियों द्वारा विकास के कार्यों की जाँच होती रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सहारनपुर में जिला अस्पताल का निरीक्षण और मरीजों का हालचाल पूछते हुए

मुख्यमंत्री ने कहा की गौवंश की देखभाल के लिए जो गौशाला बनायी गयी हैं, उनका सही तरीके से उपयोग हो, इसे भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। खेतों और सड़कों से गायों को गौशाला में लाने का काम प्रशासन को करना चाहिए। गाय के गोबर से खाद बनायें ताकि गौशाला आत्मनिर्भर बन सके।

मुख्यमंत्री सहारनपुर में गौशाला का निरीक्षण करते हुए

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप्ड पेयजल योजना के तहत गांवों में जल की गुणवत्ता और उपलब्धता की जाँच वह खुद जाकर करें। साथ ही पानी की पाइप लाइन बिछाने के दौरान सड़कों को तोड़कर पाइप बिछाने के बाद सड़क को फिर से बनाया जाए, अधिकारी इसकी भी जाँच करें। टूटी/खुदी हुई सड़कों से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री सहारनपुर में गौशाला का निरीक्षण करते हुए

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर मण्डल के शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपदों में बिजली आपूर्ति की रिपोर्ट मांगी और अधिकारियों को पूरे 24 घण्टे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को गर्मियों में बिना बिजली के काफी परेशानी उठानी पड़ती है, इसके लिए बिजली विभाग के अधिकारी पूरे 24 घण्टे बिजली की उपलब्धता पर जल्द से जल्द कार्य करें।

मुख्यमंत्री सहारनपुर में निर्माणाधीन जैविक उर्जा संयंत्र की नीव स्थापना करते हुए

गन्ना भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों को फसल का उचित मूल्य समय पर दिया जाना चाहिए। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि गन्ना मिलों की ओर से किसानों को पूरा भुगतान समय से किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि गन्ना मिल मालिकों की कोई समस्या हो तो उनके साथ बैठक करके जल्द से जल्द इसका समाधान निकालें।

मुख्यमंत्री सहारनपुर में लाभार्थी को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए

इस मौके पर भारत सरकार के पशुपालन राज्य मंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, पंचायतीराज राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भूपेन्द्र सिंह चौधरी, देवबन्द से विधायक देवेन्द्र निम, विधायक कुंवर बृजेश सिंह, सदस्य विधान परिषद विरेन्द्र सिंह आदि के अलावा मण्डलायुक्त संजय कुमार, प्रशान्त कुमार अपर पुलिस महा निदेशक, तीनों जिलाधिकारी मौजूद रहे। 

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage