#UPCM_YOGI ने मदन मोहन मालवीय प्राविधिक विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं महिला छात्रावास का शिलान्यास किया

गोरखपुर (22 जून, 2019)। UPCM योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्राविधिक विश्वविद्यालय में 12 करोड़ 05 लाख रुपए की लागत से बनने वाले प्रशासनिक भवन एवं 07 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 210 बेड के महिला छात्रावास का शिलान्यास और भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान, रसायन एवं पर्यावरण विज्ञान, गणित संगणन तथा मानविकी एवं प्रबंध विज्ञान विभाग का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मदन मोहन मालवीय प्राविधिक विश्वविद्यालय का एक विशेष स्थान है। विश्वविद्यालय की रैंक में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि विश्वविद्यालय ने अपने शोध प्रबंध कार्य को आगे बढ़ाया। नई तकनीक के क्षेत्र में यह एक सराहनीय पहल है। विश्वविद्यालय में अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करते हुए तकनीक के क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यकता है। तकनीक के प्रयोग से ई-पाॅस मशीन के माध्यम से 80 हजार कोटे की दुकानों में राशन का वितरण कराया गया, जिससे प्रतिमाह 120 करोड़ रुपए की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कई क्षेत्रों मेें तकनीक का प्रयोग कर कार्य किया जा रहा है और साॅलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट एवं अन्य क्षेत्रों में भी तकनीक का उपयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक 03 करोड़ परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने तय धनराशि में अच्छे आवास बनाने के लिए तकनीक विकसित करने पर भी बल दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति श्रीनिवास त्रिपाठी ने कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर विधायक डाॅ. राधामोहन दास अग्रवाल, विधायक सहजनवां शीतल पाण्डेय, विधायक पिपराइच महेन्द्रपाल सिंह सहित विभिन्न जन प्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण व शिक्षक उपस्थित रहे।








