UPCM दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक का आज अमौसी एअरपोर्ट पर स्वागत करेंगे

उत्तर प्रदेश।
UPCM NEWS, आगामी 06 नवम्बर को अयोध्या में दीपोत्सव-2018 के आयोजन के लिए पधार रहीं दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक के साथ उनके प्रतिनिधिमण्डल का लखनऊ, अयोध्या एवं आगरा भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक 05 नवम्बर को सायं लखनऊ आगमन होगा। अमौसी एअरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। रात्रि 08ः00 बजे UPCM उनके सम्मान में रात्रि भोज देंगे।
दिनांक 06 नवम्बर, 2018 को किमजोंग-सुक लखनऊ से अयोध्या हेतु सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान करेंगी। अयोध्या आगमन के बाद अपरान्ह में वे रानी-हो स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद उनके द्वारा नये रानी-हो स्मारक पार्क का शिलान्यास किया जाएगा। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला, प्रभु श्रीराम व माता सीता के स्वरूपों के स्वागत तथा रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात् नया घाट व राम की पैड़ी पर आयोजित आरती व दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी। इन कार्यक्रमों के बाद किमजोंग-सुक लखनऊ हेतु प्रस्थान करेंगी।
दिनांक 07 नवम्बर, 2018 को प्रातः वायुयान द्वारा आगरा हेतु प्रस्थान करेंगी। वहां पर उनके द्वारा ताजमहल का अवलोकन किया जाएगा। तत्पश्चात् वे सियोल, दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगी।
किमजोंग-सुक के साथ आ रहे अन्य विशिष्ट अतिथिगण में दक्षिण कोरिया के पर्यटन, संस्कृति एवं खेलकूद मंत्री दो जाँग ह्वान, राजदूत शिन वाँगकिल, गिमहे सिटी के मेयर हुर सुंग काॅन, गिमहे सिटी काउन्सिल के सभापति किम हुवाँग सू शामिल हैं। इनके अतिरिक्त प्रतिनिधिमण्डल में 43 अन्य सदस्यगण भी होंगेे।








