UPCM ने 500 करोड़ रु. से अधिक लागत की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश (30 अक्टूबर, 2018)।
UPCM ने लोक भवन में 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इनमें ऊर्जा विभाग की 12, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास की 06, सिंचाई एवं जल संसाधन की 10, आवास एवं शहरी नियोजन की 03, नगर विकास की 06, चिकित्सा शिक्षा की 06, लोक निर्माण की 04, गृह की 01 और दिव्यांगजन एवं सशक्तीकरण की 01, कुल 49 योजनाएं शामिल थीं।
UPCM ने सभी सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारियों को इन योजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के समयबद्ध ढंग से पूर्ण होने पर काॅस्ट ओवर रन तो बचता ही है, साथ ही जनता को इनका लाभ समय से मिलने लगता है। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेजों के भवनों के निर्माण की समीक्षा के लिए एक कमेटी बनाने के भी निर्देश दिए। यह कमेटी इन सभी निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेजों के प्रस्तावित निर्माणों की समीक्षा करेगी।

UPCM ने सभी प्रोजेक्ट्स की मुख्य सचिव स्तर पर 15 दिन में एक बार माॅनीटरिंग तथा समीक्षा के भी निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित मंत्री के स्तर पर भी परियोजना की प्रगति की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परियोजनाओं को त्वरित गति से क्रियान्वित करने के लिए कटिबद्ध है, ताकि लोगों को उनका लाभ शीघ्र मिले।
बैठक में पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव कुमार मित्तल, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एस.पी. गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








