एलडीए के रजिस्ट्री कैम्प में 362 लोगों ने किया आवेदन, अब 22 नवम्बर तक लिए जाएंगे आवेदन

जन सामान्य की सुविधा के लिए बढ़ायी गयी विशेष रजिस्ट्री शिविर की अवधि,

अब 22 नवम्बर तक लिए जाएंगे आवेदन, इसके बाद होगी निबंधन पंजीयन की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण में आयोजित विशेष रजिस्ट्री कैम्प की अवधि को जन सामान्य की सुविधा के दृष्टिगत बढ़ा दिया गया है। अब आवंटी 22 नवम्बर, 2025 तक इस विशेष कैम्प में रजिस्ट्री के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिसके बाद निबंधन विभाग की टीम को कैम्प में बुलाकर रजिस्ट्री के पंजीयन की कार्यवाही निष्पादित करायी जाएगी।

एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यवसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें से कई सम्पत्तियों की रजिस्ट्री अभी नहीं हो पायी है। इसके दृष्टिगत प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में 03 नवम्बर, 2025 से विशेष रजिस्ट्री कैम्प लगाया गया है। इसमें प्राधिकरण के सभी सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी एक ही पटल पर उपस्थित होकर निबंधन सम्बंधी दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। पहले यह कैम्प 15 नवम्बर तक लगाया जाना था, लेकिन आवंटियों की सुविधा के लिए कैम्प की अवधि बढ़ा दी गयी है। जिसके तहत अब 22 नवम्बर, 2025 तक आवंटियों से रजिस्ट्री के आवेदन प्राप्त करते हुए दस्तावेज तैयार किये जाएंगे। जिसके बाद रजिस्ट्री विभाग की टीम की उपस्थिति में निबंधन पंजीयन की कार्यवाही कैम्प में सुनिश्चित करवायी जाएगी।

उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि अभी तक रजिस्ट्री के लिए 362 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनके पेपर तैयार किये जा रहे हैं। जिन आवंटियों ने अभी तक अपनी सम्पत्ति की रजिस्ट्री नहीं करवायी है, वो लोग विशेष कैम्प का लाभ उठाकर शीघ्र आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage