नेशनल क्रॉप इन्श्योरेन्स प्रोग्राम के अन्तर्गत अनुदान के रूप में 284 करोड़ रूपये स्वीकृत

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नेशनल क्रॉप इन्श्योरेन्स प्रोग्राम के अन्तर्गत अनुदान के रूप में रूपये 284 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। विशेष सचिव कृषि शत्रुन्जय कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुये बताया कि इस सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
शत्रुन्जय कुमार सिंह ने बताया कि योजनान्तर्गत फसल बीमा के लिए अनुदान हेतु रूपये 450 करोड़ का प्राविधान किया गया है। कुल प्राविधानित धनराशि के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2021-22 में रूपये 284 करोड़ की धनराशि निर्गत की जा रही है। धनराशि का आहरण कोषागार से तभी किया जायेगा, जब यह सुनिश्चित कर लिया जायेगा कि कोविड-19 के कारण उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद योजना के कार्यक्रमों का संचालन किया जाना आवश्यक है।
जारी शासनादेश में कहा गया है कि स्वीकृत की जा रही धनराशि का व्यय सुसंगत वित्तीय नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुये किया जायेगा। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये हैं कि धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा और लाभार्थी किसानों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड किया जायेगा।







