एलडीए में लगे दो दिवसीय निबंधन शिविर में 24 आवंटियों ने करायी रजिस्ट्री

लखनऊ विकास प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों की रजिस्ट्री के लिए लगाये गये दो दिवसीय विशेष निबंधन शिविर के पहले दिन मंगलवार को 24 आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री निष्पादित की गयी। वहीं, 48 सम्पत्तियों के निबंधन के लिए पत्रावली तैयार की गयी। इस दौरान रजिस्ट्री के 04 नये प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। बुधवार को भी इस विशेष शिविर में रजिस्ट्री की कार्यवाही की जाएगी।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यवसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें काफी संख्या में सम्पत्तियों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पायी है। इसे ध्यान में रखते हुए आवंटियों की सहूलियत के लिए दिनांक-19.03.2024 से 20.03.2024 तक प्राधिकरण भवन के बारादरी लाॅन में विशेष निबंधन शिविर का आयोजन किया गया है। कैम्प में प्राधिकरण के गणना, लेखा, नियोजन व सम्पत्ति अनुभाग के समस्त सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ निबंधन विभाग की टीम भी उपस्थित रही। इससे सम्पत्तियों के निबंधन सम्बंधी दस्तावेज तैयार करने तथा उनके पंजीयन की कार्यवाही एक ही जगह सम्पादित की गयी।
दिन भर चली कार्यवाही के दौरान 24 आवंटियों की रजिस्ट्री की गयी। जिसमें विभिन्न अपार्टमेंट्स के फ्लैट, कानपुर रोड योजना, अलीगंज व बसन्तकुंज समेत अन्य योजनाओं की सम्पत्तियां शामिल हैं। अपर सचिव ने बताया कि उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशानुसार आवंटियों से समन्वय बनाकर रजिस्ट्री की कार्यवाही की जा रही है और आवंटियों को अपनी-अपनी सम्पत्तियों की रजिस्ट्री कराने के सम्बंध में सूचना भी भेजी गयी है।








