#PMAY के विशेष रजिस्ट्री शिविर में 105 आवंटियों ने करायी रजिस्ट्री

शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवास के आवंटियों की सहूलियत के लिए एक सप्ताह के लिए लगाया गया कैम्प
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों की रजिस्ट्री के लिए लगाये गये विशेष कैम्प में आवंटियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सैकड़ों आवंटियों ने शिविर में सम्पर्क करके रजिस्ट्री की प्रक्रिया के सम्बंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की, जबकि 105 आवंटियों ने एक ही पटल पर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए अपने भवनों की रजिस्ट्री निष्पादित करायी।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शारदा नगर विस्तार में कुल 2200 आवास बनाये गये हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब व उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा पूर्व में योजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया था, जिसमें 2200 आवासों में केवल 150 आवंटी ही अध्यासित मिले थे। इसकी समीक्षा में पाया गया कि आवंटियों की रजिस्ट्री न होने के कारण उनको भवन का कब्जा नहीं मिला है। इस पर मण्डलायुक्त ने एक सप्ताह का विशेष कैम्प लगाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिये थे। इसके अनुपालन में दिनांक-30.11.2022 से 07.12.2022 तक प्राधिकरण भवन में कैम्प आयोजित किया गया।
योजना की प्रभारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि समस्त सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी कैम्प में उपस्थित रहे, जिनके द्वारा आवंटियों को जानकारी देने के साथ ही रजिस्ट्री की कार्यवाही में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
इस क्रम में कुल 105 आवंटियों द्वारा अपने भवनों की रजिस्ट्री करायी गयी है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के स्तर से आवंटियों को फोन करके उन्हें रजिस्ट्री कराने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।








