Yogi Adityanath ने बहराइच के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत किट वितरित की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील महसी अन्तर्गत राजी चौराहा पर बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट की और राहत सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम टिकुरी के कटान प्रभावित राम नरेश, तेजराम, सुरेश, अनीता, संवारा व ग्राम पिपरी के महेश प्रत्येक को 95 हजार 100 रुपये का चेक तथा राशन किट प्रदान की। उन्होंने ग्राम पंचदेवरी की बाढ़ प्रभावित सुमिरता, राजवंती, यज्ञलाल, व संतलाल को राशन किट का वितरण किया।

इसके अलावा ग्राम पंचदेवरी के बाढ़ प्रभावित विनीत को राशन किट व मुख्यमंत्री आवास योजना तहत आवास की चाभी तथा चक्कर, राम मिलन व जवाहर लाल को राशन किट व स्वीकृति पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर ग्राम पंचदेवरी के बाढ़ प्रभावित 250 परिवारों को खाद्यान्न वितरण किया गया। इसके पश्चात, मीडिया से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद बहराइच के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए वे आए हैं। प्रदेश के अन्दर वर्तमान में लगभग 15 जनपद ऐसे हैं, जिनमें बाढ़ का प्रभाव पड़ा है। कुछ जनपदों में ज़्यादा और कुछ जनपद आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बहराइच जनपद सरयू, घाघरा और शारदा नदियों केे संगम पर बसा हुआ है। इसके अलावा, नेपाल की पहाड़ियों की तलहटी से पानी आने के कारण यहां के काफी गांव प्रभावित होते हैं। वर्तमान में 04 राजस्व गांव की लगभग 2500 आबादी प्रभावित है। उन सभी लोगों को राहत सामग्री वितरित करने के लिए निर्देश दिये जा चुके है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में तेज़ी के साथ राहत कार्य जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संतोषजनक ढंग से संचालित किये जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 और पी0ए0सी0 की टीमों को तैनात करने के साथ ही बाढ़ चौकियों की स्थापना कर राहत सामग्री को युद्ध स्तर पर वितरित करने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के अतिरिक्त क्लोरीन की टैबलेट प्रत्येक पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करायी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित व जल भराव वाले क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में एण्टी स्नेक वेनम व एण्टी रैबीज़ इंजेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं, जिससे किसी भी व्यक्ति का ज़हरीले कीट के दंश व कुत्ते इत्यादि के काटने का स्थानीय स्तर पर ही इलाज किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी परिवार का कोई व्यक्ति दुर्भाग्य से बाढ़ के पानी में डूबता है या किसी हिंसक जानवर से संघर्ष में मृत्यु होती है तो ऐसे पीड़ित परिवारों को तत्काल 04 लाख रूपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है। इसके अलावा ऐसे व्यक्ति जिनके मकान क्षतिग्रस्त हो गये हैं, ऐसे लोगों को मकान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पशुओं की जनहानि होने पर निर्धारित मानक के अनुसार भी धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में जिला प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं कि फसलों को होने वाली क्षति का आंकलन कर प्रभावित किसानों को राहत सामग्री के साथ-साथ शासन द्वारा अनुमन्य मुआवज़ा भी उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के अन्दर वर्तमान समय में बाढ़ के साथ-साथ वेक्टर जनित रोगों का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है। इस स्थिति के बेहतर प्रबन्ध के लिए सरकार द्वारा प्रत्येक जनपद में वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है। नोडल अधिकारी जनपद में जाकर 04 से 05 दिवस कैम्प कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण तथा बचाव कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ वहां पर किसी प्रकार की जलजनित और विषाणुजनित बीमारियों को रोकने के लिए किये गये उपायों की समीक्षा करेंगे और जनप्रतिनिधियों के साथ उन सभी कार्यक्रमों को तेज़ी के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 05 सितम्बर से 12 सितम्बर तक प्रदेश के हर जनपद में स्वच्छता, सेनेटाइजेशन के लिए व्यापक अभियान चलाया जायेगा। जिसमें स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, नगर विकास, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों को जिम्मेदारी दी गयी है कि अन्तर्विभागीय समन्वय के साथ व्यापक पैमाने पर वर्षा ऋतु एवं वर्षा ऋतु के पश्चात होने वाली किसी भी प्रकार की बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्दर बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच में राहत कार्य संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है। हर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के साथ जनता की सेवा के लिए तत्पर है। शासन ने पर्याप्त मात्रा में धनराशि हर जनपद को उपलब्ध करायी है। नौकाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। राहत और बचाव के लिए एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 और पी0ए0सी0 की फ्लड यूनिटों को जनपद में तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री विश्वास व्यक्त किया कि सभी लोग मिलकर आपदा काल में हर एक व्यक्ति को शासन की मंशा के अनुरूप राहत प्रदान करने में अपना सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि बहराइच में बाढ़ से बचाव के लिए पहले ही जलशक्ति मंत्रालय की ओर से केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने कार्ययोजना बनायी थी, वे सभी 05 योजनाएं पूर्णता की ओर अग्रसर हैं। उन परियोजनाओं का अवलोकन उनके द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि समय से किये गये बाढ़ नियंत्रण प्रबन्धों तथा उपायों के कारण बाढ़ की विभीषिका से बड़ी आबादी को बचाने में सफलता मिली है। आगामी समय में इसे और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage