UPCM ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 का शुभारम्भ किया

उत्तर प्रदेश (गौतमबुद्धनगर)।
UPCM ने जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 के शुभारम्भ कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर उन्होंने युवाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि सम-विषम परिस्थितियों में सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिये। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार में प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को अन्य प्रदेशों में रोजगार के लिये भटकना नहीं पडे़गा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी जनपदों के उद्योगों का विकास तेजी से किया जाए, ताकि युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के रोजगार की अपार सम्भावनाएं हैं।

UPCM गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 का दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ करते हुए
UPCM गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 का दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ करते हुए

UPCM ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। देश व प्रदेश के विकास में युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारे युवाओं में आगे बढ़ने की भरपूर क्षमता है। इसके दृष्टिगत समस्त युवा भगवान गौतमबुद्ध के ‘बुद्धम्-शरणम्-गच्छामि’ एवं ‘अप्प दीपो भव’ सूत्र का अपने जीवन में अनुसरण करते हुए आगे बढ़ेंगे, तो उनके विकास के साथ-साथ प्रदेश एवं देश का विकास होगा।

UPCM ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में बड़े स्तर पर योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में स्टार्टअप इण्डिया योजना के तहत पूरे प्रदेश में साढ़े चार लाख युवाओं का स्किल डेवलपमेण्ट कराया गया है, जिसके सापेक्ष ढाई लाख युवाओं को रोजगार विगत एक वर्ष के अन्दर उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा, पूरे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में समस्त प्रकार के कामगारों को आगे बढ़ाने एवं उन्हें सम्मानपूर्वक रोजगार उपलब्ध कराने के लिये ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत उन्हें गांवों में ही सम्बन्धित टूल उपलब्ध कराकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

UPCM गौतमबुद्धनगर में बाइसिकल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए
UPCM गौतमबुद्धनगर में बाइसिकल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए

UPCM ने कहा कि प्रदेश में 16 नगर निगमों में 10 लाख स्ट्रीट लाइटें लगी हुई है , जिनमें 07 लाख स्ट्रीट लाइटों को L.E.D. मेें बदल दिया गया है। इसके साथ-साथ पूरे प्रदेश में 4 करोड़ परिवारों को L.E.D. बल्ब उपलब्ध कराये गये हैं। इससे 90 प्रतिशत ऊर्जा की बचत हुई है और सरकार को 125 करोड़ रुपए का लाभ हो रहा है। इस धनराशि को गरीबों के लिए प्रदेश में संचालित योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन वितरण कर गरीबों को राशन उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गयी है। 30 लाख फर्जी राशन कार्डों को निरस्त किया गया है, जिससे 360 करोड़ रुपए की बचत हो रही है।

UPCM ने कहा कि हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय प्रांगण पर्यावरण के अनुकूल वातावरण तैयार कर आगे बढ़ रहा है। यहां सौर ऊर्जा प्लाण्ट संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा, 03 एकड़ क्षेत्रफल में गीता उपवन का शुभारम्भ किया गया है। हीरो साइकिल के साथ M.O.U. साइन किए गए हैं, जिसके तहत विश्वविद्यालय प्रांगण में प्रथम चरण में 200 साइकिलें संचालित की जा रही हैं।

UPCM गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 का शुभारम्भ कार्यक्रम में
UPCM गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2018-19 का शुभारम्भ कार्यक्रम में

UPCM ने इस अवसर पर किसानों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। D.B.T. के माध्यम से किसानों को सीधे उनके खाते में धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के सम्बन्ध में किसानों से सहयोग किए जाने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई समस्या हो तो उसे बातचीत के माध्यम से हल किया जाएगा। उन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र के विकास की सम्भावनाओं से किसानों को अवगत कराया।

UPCM किसानों से बातचीत और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
UPCM किसानों से बातचीत और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. प्रभात कुमार ने कहा कि इस विश्वविद्यालय में देश के लगभग सभी राज्यों के छात्रों सहित 12 देशों के छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने नये सत्र 2018-19 के शुरू होने के अवसर पर प्रदेश के UPCM द्वारा छात्रों को सम्बोधित किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage