UPCM ने जनपद गोरखपुर में संचारी रोग पखवाड़े का शुभारम्भ किया

गोरखपुर (10 फरवरी, 2019)।
UPCM ने जनपद गोरखपुर के दौरे के दूसरे दिन संचारी रोग पखवाड़े का शुभारम्भ करते हुए 33 सारथी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही, उन्होंने आई.सी.ई. मटेरियल (प्रचार साहित्य) का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि इंसेफेंलाइटिस व संचारी रोगों से बचाव के लिए यह विशेष अभियान प्रारम्भ किया गया है।

UPCM ने कहा कि इंसेफेलाइटिस व संचारी रोग से बचाव और उसके उपचार के बारे में जानकारी देने के लिए 10 फरवरी से 28 फरवरी तक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है और 25 फरवरी को इंसेफेलाइटिस का टीकाकरण भी कराया जायेगा। साथ ही, फाईलेरिया से बचाव हेतु अभियान भी चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया है।

UPCM ने कहा कि इसके पूर्व में भी नगर विकास, बाल विकास, चिकित्सा विभाग एवं विभिन्न विभागों के द्वारा अभियान चलाया गया था, जिसका अच्छा परिणाम सामने आया। इसी क्रम में इस वर्ष भी अभियान चलाकर लोगों को इंसेफेलाइटिस व संचारी रोग से बचाव हेतु जागरूक करने का कार्य किया जायेगा जिससे इन बीमारियों से बचाव हो सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान में आशाएं घर-घर जाकर लोगों के दरवाजे पर दस्तक देकर बुखार, सफाई, संचारी रोगों के बारे में जानकारी देंगी।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य डाॅ. प्रशान्त त्रिवेदी, मण्डलायुक्त अमित गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage