UPCM ने कहा त्योहार और चुनाव शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न किए जा सकते हैं
लखनऊ। UPCM ने 2 मार्च को लोक भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिवरात्रि, होली जैसे त्योहारों और लोक सभा चुनावों के दृष्टिगत सभी जनपदों के पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के साथ-साथ सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार तथा चुनाव शान्तिपूर्ण वातावरण में ही भलीभांति सम्पन्न किए जा सकते हैं।
UPCM ने कहा कि शासन, मण्डल, जनपद, तहसील और थाना स्तर के सभी अधिकारी शिवरात्रि और होली के त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा लोक सभा चुनावों को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का भलीभांति निर्वहन करें। शिवरात्रि पर्व का उल्लेख करते हुए UPCM ने कहा कि इस अवसर पर शिवालयों/ज्योतिर्लिंगों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इन्तजाम किए जाएं। साथ ही, मन्दिरों के आसपास साफ-सफाई की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल तथा विद्युत सप्लाई भी निर्बाध सुनिश्चित की जाए।
UPCM ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों के अन्तर्गत आने वाले कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पवित्र स्थलों को चिन्हित कर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज से ही इस कार्य को प्रारम्भ कर दिया जाए। धार्मिक स्थलों से गन्दगी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धार्मिक स्थलों के आसपास छिड़काव करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट की सेवाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UPCM ने शिवरात्रि और होली के त्योहारों के मद्देनजर सभी जनपदों के पुलिस कप्तानों को कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को त्योहारों के मद्देनजर सकारात्मक रवैया अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन त्योहारों और लोक सभा चुनावों के दौरान हर स्तर पर सुरक्षा प्रबन्ध चाक-चौबन्द रखने और असामाजिक तत्वों/अपराधियों पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश दिए।
UPCM ने जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिवरात्रि और होली के त्योहार शान्ति के साथ मनाए जा सकें। इसके अलावा, लोक सभा चुनाव भी सुचारु रूप से सम्पन्न हों। शान्ति व्यवस्था पर पूरा फोक स किया जाए और शरारती तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
UPCM ने कहा कि असामाजिक, अवांछनीय तत्वों व अपराधियों के विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छोटी से छोटी घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण हो और विवाद को हल करने के लिए कड़े और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के सभी जनपदों में लोक सभा चुनावों के मदे॰नजर पेशेवर अपराधियों के खिलाफ अभी से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। टॉप टेन अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
UPCM ने विभिन्न जनपदों में हुई लूट की घटनाओं पर अप्रसन्नता व्यक्त कर सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को प्रभावी फुट पेटोंलिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में डायल-100 के दुपहिया और चौपहिया वाहन मौजूद हैं। ऐसे में इनकी तैनाती संवेदनशील स्थलों पर सुनिश्चित की जाए और घटना घटित होने पर इनके तुरन्त मौके पर पहुंचने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बाइक सवार अपराधियों द्वारा लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब कानून-व्यवस्था होने पर हर थाने के पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
UPCM ने पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाए जाने पर बल देते हुए कहा कि 102 और 108 सेवा के तहत कार्यरत एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम को कम करते हुए 7 से 10 मिनट के बीच में एम्बुलेंस पहुंचने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को इन दोनों एम्बुलेंस सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के तहत कार्यरत सभी एम्बुलेंस सदैव सक्रिय रहें और संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहें, ताकि लोगों को तत्काल सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए अस्पतालों में नोडल अधिकारी तैनात करने के भी निर्देश दिए। अस्पतालों की नर्सां और वॉर्ड बॉय को नेम प्लेट लगाए जाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, सभी अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में स्टेंचर और व्हीलचेयर की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पोस्ट मॉर्टम के लिए लाए गए शवों को सम्मानजनक ढंग से सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए।
UPCM ने निराश्रित गोवंश की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए और कहा कि इनके रखने की उचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, इनके चारे, पानी और सुरक्षा की भी व्यवस्था की जाए।
बैठक में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव डॉ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।