UPCM ने ‘गोमती नदी सफाई महा अभियान’ का शुभारम्भ किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने गोमती तट पर स्थित झूलेलाल वाटिका पहुंचकर ‘गोमती नदी सफाई महा-अभियान’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को सफाई की शपथ भी दिलायी।
UPCM ने शपथ ग्रहण के उपरान्त गोमती तट पर पहुंचकर स्वयं सफाई अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित वृक्ष भण्डारे के तहत उन्होंने प्रमुख सचिव नगर विकास, पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के मण्डलायुक्त और जिलाधिकारी सहित कई गणमान्य नागरिकों को पौधे वितरित किए।

गोमती नदी की सफाई के इस महा अभियान से लोगों और संस्थाओं को जोड़ा गया है, ताकि इस कार्य को प्रभावशाली ढंग से किया जा सके और इस कार्य में लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा सके। इस महाअभियान के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ लोगों को नदियों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्राविधिक शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टण्डन, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, विधायी और न्याय मंत्री बृजेश पाठक, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह, बाढ़ नियंत्रण और महिला कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह, मण्डलायुक्त लखनऊ मण्डल अनिल कुमार गर्ग, जिलाधिकारी लखनऊ कौशल राज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।








