UPCM ने हरदोई में 128 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

हरदोई (26 फरवरी, 2019)।
UPCM ने जनपद हरदोई भ्रमण के दौरान बहुप्रतीक्षित राजकीय मेडिकल काॅलेज की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने 322 करोड़ रुपए की 128 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धर्म एवं सम्प्रदाय के आधार पर नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ दे रही है।

UPCM ने टडियावां ब्लाॅक के गौराडांडा गांव में 20633.20 लाख रुपए की लागत से तैयार होने वाले राजकीय एलोपैथिक मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास किया। उन्होंने 7152.80 लाख रुपए की 55 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 4397.15 लाख रुपए की 72 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
UPCM ने इस अवसर कहा कि इस जनपद में मेडिकल काॅलेज बनना बहुत बड़ी बात है, क्योंकि मेडिकल काॅलेज स्थापित होने के बाद यहां से प्रतिवर्ष 100 मेडिकल छात्र चिकित्सक बनकर निकलेंगे, जो अपने-अपने क्षेत्र या विषय के विशेषज्ञ होंगे और उनकी योग्यता का लाभ सबसे पहले जनपद वासियों को ही प्राप्त होगा। यही चिकित्सक बाहर जाकर हरदोई जनपद का नाम भी रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल काॅलेज के निर्माणोपरान्त सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाएं यहां के निवासियों को इस शहर में ही मिलनी शुरू हो जाएंगी।

UPCM ने भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट स्थित आतंकी कैम्पों पर की गई एयर-स्ट्राइक की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला न्यू इण्डिया है, जो पहले छेड़ता नहीं, पर छेड़े जाने पर छोड़ता भी नहीं।
UPCM ने आयुष्मान भारत योजना के विषय में कहा कि इसके तहत अब हर गरीब को 05 लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार मिलेगा। अब उसे धन के अभाव में इलाज कराने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। आयुष्मान भारत के तहत मिलने वाले गोल्डन कार्ड धारक को किसी भी पैनल्ड अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि दुनिया अब इस योजना को ‘मोदी केयर’ के रूप में जानने लगी है।
UPCM ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि अनेक कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार सत्संकल्प के साथ कार्य कर रही है। किसी धर्म अथवा सम्प्रदाय के आधार पर नहीं, अपितु गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। अपने संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि वर्ष 2022 तक कोई भी बेघर न रहे।

UPCM ने कहा कि हम पूरी तत्परता के साथ प्रदेश के कायाकल्प में लगे हैं। राज्य सरकार किसानों के हित साधन के साथ-साथ नौजवानों को नौकरी देने का भी कार्य कर रही है। साथ ही, बहू-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अलावा उच्च स्तरीय शिक्षा भी मुहैया कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं पर अत्याचार सहन नहीं करेगी। गरीबों पर किसी भी तरह का अत्याचार नहीं होने दिया जाएगा। जो इसमें संलिप्त पाया जाएगा, उसकी जगह केवल जेल ही होगी। राज्य सरकार अपने कार्यों से रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर रही है। उन्होंने वर्तमान समय को परिवर्तन का दौर बताते हुए कहा कि हम अपने लिए नहीं बल्कि देश के गरीबों, किसानों, ग्रामीणों एवं महिलाओं के सम्मान के लिए जीते हैं।
UPCM ने 05 विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

UPCM ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सौभाग्य योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण के 05-05 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

इसके अलावा, उन्होंने जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रकाशित रामलीला पर आधारित स्मारिका एवं सांसद अंशुल वर्मा की ‘देश बदल रहा है, हरदोई बदल रहा है’ पुस्तक का विमोचन भी किया। जिलाधिकारी ने 02 पुस्तकें-‘मिशन कायाकल्प’ (आदर्श ग्राम पंचायत सचिवालय) एवं ‘मिशन कायाकल्प’ (विद्यालयों की बाउण्ड्रीवाॅल एम.डी.एम. शेड एवं शौचालय) UPCM को भेंट कीं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश की दशा व दिशा तय करने का कार्य उच्च नेतृत्व का होता है। हमारा देश आज सही हाथों में है, जिसका परिणाम है कि सामाजिक परिवर्तन के अनेक नए आयाम विकसित हो रहे हैं। इनका सीधा लाभ जनसामान्य को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हरदोई वासियों के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि आज हरदोई भी मेडिकल हब में शामिल हो गया है। वर्तमान सरकार की सही सोच और स्पष्ट नीति देश को उत्तरोत्तर विकास की ओर ले जा रही है।
इस अवसर पर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, सांसद अंशुल वर्मा एवं अंजुबाला ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, सांसद अंशुल वर्मा एवं अंजुबाला और जनप्रतिनिधिगण सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








