UPCM ने सोनभद्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश (सोनभद्र)।
UPCM ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार जनता के हितों पर ध्यान दे रही है। राज्य की वर्तमान सरकार गरीब/पात्र व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जनपद के पात्र व्यक्तियों को हर हाल में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। सरकार समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को सुविधा प्रदान करके पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को पूरा कर रही है।

UPCM ने जनपद सोनभद्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना व जनकल्याणकारी योजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास समारोह को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि 1001 जोड़ों की शादी में राज्य सरकार का शामिल होना और इसे सम्पन्न कराना एक सराहनीय कार्य है। 1001 जोड़ों की शादी एक साथ सामूहिक विवाह के रूप में कराना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सभी गरीब पात्रों की बेटियों का कन्यादान एक पुण्य दान है। उन्होंने सभी लोगों को दहेज रहित शादी किए जाने के संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही, कहा कि रूढ़िवादी परम्परा को तोड़कर दहेज की कुरीति को मिटाना है।

UPCM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोनभद्र जनपद के विकास के लिए प्रयासरत हैं। सोनभद्र निरन्तर विकास की ओर अग्रसर है। यहां पर फाॅसिल्स पार्क के साथ ही शिवद्वार, अमिला देवी, कुड़ारी देवी सहित धार्मिक आस्था और पुरातात्विक महत्व के कई स्थल हैं। इनके अलावा, जिले में जल के प्राकृतिक स्रोत भी हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जिला प्राकृतिक दृष्टि से परिपूर्ण होने के साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। सोनभद्र जिला प्रदेश का एक ऐसा जिला है, जिसमें अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लोगों की बहुलता है।

UPCM ने सोनभद्र जनपद की 590 करोड़ रुपए की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार जो पांच साल में काम नहीं कर सकी थी, उससे ज्यादा कार्य प्रदेश की वर्तमान सरकार पूरा कर दिखाया है। लोक कल्याण के लिए सरकार सभी को बिना भेद-भाव किए लाभान्वित कर रही है। एक वर्ष में प्रदेश सरकार ने 8 लाख 85 हजार गरीब लोगों को आवास दिया। सोनभद्र जनपद में स्वीकृत 22 हजार प्रधानमंत्री आवास के सापेक्ष 20 हजार आवासों का निर्माण कराया जा चुका है। प्रदेश सरकार सभी के भलाई के लिए कारगर कदम उठा रही है। UPCM ने सोनभद्र जिले के वभनी ब्लाॅक को O.D.F घोषित करते हुए जिलाधिकारी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लोगों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए 1001 नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों की बेटियों की शादी के लिए तत्पर है। प्रधानमंत्री जी के सपनों को पूरा करने के लिए ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ पर बल दिया जाए। प्रदेश सरकार सभी गरीब/पात्र की बेटियों के लिए 35-35 हजार रुपए खर्च करके शादियां करा रही है। भूतत्व एवं खनिकर्म राज्यमंत्री अर्चना पाण्डेय ने UPCM सहित आयोजकों व जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








