UPCM ने गोरखपुर में ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स का उद्घाटन किया

गोरखपुर (04 मार्च, 2019)।
UPCM ने जनपद गोरखपुर के चरगावां ITI में ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स का उद्घाटन किया।प्रदेश में इस प्रकार के केन्द्र खुलना अत्यन्त ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ICICI संस्था द्वारा यह दूसरा केन्द्र गोरखपुर में स्थापित किया गया है। पूरे देश में 300 से अधिक इसकी शाखाएं हैं। ITI चरगावां प्रदेश में कौशल विकास मिशन की अग्रणी संस्थाओं में शामिल है।

UPCM ने कहा कि इस प्रकार के सेण्टर बनने से रोजगार के लिए नौजवानों को निश्चित रूप से एक बेहतर मंच मिलेगा। साथ ही, वे कौशल विकास में प्रशिक्षित होकर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुम्भ मेले का आयोजन किया गया है, जो अब समाप्त हो रहा है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट प्रबन्ध कौशल का एक उदाहरण है।

UPCM का ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स उद्घाटन कार्यक्रम में स्वागत करते हुए
UPCM का ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स उद्घाटन कार्यक्रम में स्वागत करते हुए

UPCM ने कहा कि प्रदेश में 300 से अधिक सरकारी ITI और 2800 से अधिक निजी क्षेत्र के ITI व कौशल विकास केन्द्र मौजूद हैं, जहां से प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में नौजवान प्रशिक्षित होकर निकले हैं। विगत वर्षों से उनके प्लेसमेण्ट के लिए भी कार्य किया जा रहा है। ICICI जैसी संस्था के जुड़ने से इसमें गति आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ढाई लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके साथ ही करोड़ों रुपए के निवेश से विभिन्न क्षेत्रों के विकास हेतु कार्य किया गया है।

UPCM ने कहा कि प्रदेश के परम्परागत उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के तहत 78 हजार से अधिक युवाओं को मुद्रा योजना एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से सहायता प्रदान की गई है। सरकार द्वारा सौभाग्य योजना के तहत ढाई लाख मजरों में विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित कर हुनरमंद बनाने का कार्य करना होगा।

UPCM ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स उद्घाटन कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन करते हुए
UPCM ICICI एकेडमी फाॅर स्किल्स उद्घाटन कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन करते हुए

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ICICI बैंक लि. के अधिशासी निदेशक और ICICI फाउण्डेशन फाॅर इनक्लूसिव ग्रोथ की गवर्निंग काउंसिल के मेम्बर अनूप बागची ने कहा कि शुरुआती तौर पर एक वर्ष में 320 छात्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पाठ्यक्रम में प्रासंगिक व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ-साथ जीवन कौशल जैसे-शिष्टाचार और व्यवहार, संचार, बुनियादी अंग्रेजी और वित्तीय साक्षरता शामिल है। प्रशिक्षण की अवधि 12 सप्ताह है। समाज के वंचित वर्ग के युवा, जिन्होंने कम से कम आठवीं तक पढ़ाई की है और जिनकी आयु 18 वर्ष से 30 वर्ष के बीच है, वे इलेक्ट्रिकल एण्ड होम एप्लायन्सेज रिपेयर पाठ्यक्रम के लिए पात्र हैं, जबकि विक्रय कौशल के लिए 10वीं कक्षा तक की न्यूनतम शिक्षा होनी चाहिए।

अनूप बागची ने कहा कि राष्ट्र के विकास में योगदान करने की यह सबसे अच्छी पहल है। इससे लोगों को देश की आर्थिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए सक्षम बनाया जाएगा। ICICI फाउण्डेशन ने अक्टूबर, 2013 में ICICI एकेडमी की शुरूआत की, जिससे वंचित युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान UPCM को ICICI के अधिकारियों द्वारा प्रतीक चिन्ह् भेंट किया गया। इस अवसर पर UPCM ने विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर गोरखपुर के महापौर सीताराम जायसवाल, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, ICICI के अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage