UPCM ने नये टर्मिनल भवन फेज-2 और BRD मेडिकल कालेज में नवनिर्मित रैन बसेरे का उद्घाटन किया

उत्तर प्रदेश (गोरखपुर)।
UPCM ने गोरखपुर में हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन फेज-2 और एयरपोर्ट अथारिटी के CSR शिड्यूल के अन्तर्गत BRD मेडिकल College में नवनिर्मित 108 बेड के रैन बसेरे का उद्घाटन किया। उन्होंने दिल्ली-गोरखपुर-दिल्ली की इण्डिगो की नई फ्लाइट का शुभारम्भ भी किया।

UPCM गोरखपुर में हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन फेज-2 और BRD मेडिकल काॅलेज में नवनिर्मित 108 बेड के रैन बसेरे का उद्घाटन करते हुए
UPCM गोरखपुर में हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन फेज-2 और BRD मेडिकल काॅलेज में नवनिर्मित 108 बेड के रैन बसेरे का उद्घाटन करते हुए

UPCM ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण ने अपने नियमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अन्तर्गत BRD मेडिकल काॅलेज में मरीजों/तीमारदारों की सुविधा के लिए 108 बिस्तरों का दो मंजिला विश्राम गृह का निर्माण किया है। इस विश्राम गृह में नवीनतम सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। यह विश्राम गृह पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी बिहार से BRD मेडिकल कालेज आने वाले मरीजों/तीमारदारों के लिए सुविधाजनक होगा।

UPCM ने नये टर्मिनल भवन का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग के दृष्टिगत इसका निर्माण किया गया है। यह वातानुकूलित टर्मिनल भवन कांच और स्टील से निर्मित एक संरचना है जो सभी सुविधाओं एवं सेवाओं से सुसज्जित है। उन्होंने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय की यह एक सराहनीय पहल है और केन्द्र सरकार उत्तर प्रदेश के विकास के लिए निरन्तर सहयोग कर रही है।

UPCM ने दिल्ली-गोरखपुर-दिल्ली रूट पर इण्डिगो की नई फ्लाइट के शुभारम्भ के संबंध में कहा कि बेहतर हवाई सम्पर्क हेतु इसकी शुरुआत की गयी है। गोरखपुर से नई दिल्ली तक का सफर मात्र 3,000 रुपये में तय किया जा सकता है। पूर्व में, गोरखपुर से केवल एक उड़ान थी, लेकिन आज तीन कम्पनियों इण्डिगो, एयर इण्डिया एवं स्पाइस जेट की उड़ानें संचालित हो रही हैं। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अन्तर्गत प्रदेश के 12 एयरपोर्ट को विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कुशीनगर और दिल्ली के पास जेवर में नये अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे स्थापित किये जाएंगे। अब गोरखपुर से दिल्ली 14 हजार यात्री प्रतिमाह सफर कर रहे हैं अर्थात प्रतिदिन लगभग 500 लोग हवाई यात्रा कर रहे हैं। शीघ्र ही, गोरखपुर से कोलकाता, मुम्बई, बंगलुरू, काठमाण्डू की हवाई सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

UPCM गोरखपुर में हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन फेज-2 का शुभारम्भ करते हुए
UPCM गोरखपुर में हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन फेज-2 का शुभारम्भ करते हुए

UPCM ने कहा कि गोरखपुर को देश के सभी महानगरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री का सपना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा करे और उनका यह सपना अब साकार हो रहा है। विमान सेवा समय की बचत के साथ विकास की धुरी बन चुकी है। हर व्यक्ति कनेक्टिविटी चाहता है और सरकार विकास की योजना को आगे बढ़ाने की ओर अग्रसर है।

UPCM ने कहा कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ के तहत प्रदेश के हर जनपद को विकसित किया जा रहा है और इसके तहत 5 लाख युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार मिलेगा। विकास के लिए जन सहभागिता का होना आवश्यक है। सकारात्मक सोच विकास को गति देती है। विकास रोजगार की संभावनाओं को लेकर आता है।

इस अवसर पर केन्द्रीय नगर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास को काफी गति मिली है और केन्द्र सरकार प्रदेश के विकास में सतत् प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि जिस तरह रेलवे, बस स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं, उसी प्रकार एयरपोर्ट पर भी पहुंचें।

केन्द्रीय नगर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि आने वाले समय में रोडवेज/रेलवे स्टेशन से अधिक यात्रियों की भीड़ हवाई अड्डों पर होगी। हवाई सेवा का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे विकसित राज्य हो, इस दिशा में प्रयास जारी है। गोरखपुर को हवाई सेवा से देश के सभी महानगरों से जोड़ा जायेगा। सरकार यह भी प्रयास कर रही है कि हवाई जहाज खरीदने के बजाय हमारे देश में उनका निर्माण किया जाए। इसके लिए नई नीति बनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश इससे अछूता नहीं रहेगा।

UPCM गोरखपुर में BRD मेडिकल कॉलेज परिसर में
UPCM गोरखपुर में BRD मेडिकल कॉलेज परिसर में

केन्द्रीय नगर विमानन राज्य मंत्री जयन्त सिन्हा ने कहा कि इस देश में कनेक्टिविटी में क्रांति लगातार आती जा रही है। विमानन क्षेत्र में विशेष रूप से क्रांति आ रही है। विमानन पाॅलिसी से पूरे उत्तर प्रदेश में तेजी के साथ क्रांति आ रही है। उन्होंने कहा कि आज इण्डिगो फ्लाइट का शुभारम्भ हुआ है, आगे प्रयास है कि सभी मुख्य शहरों को गोरखपुर से जोड़ा जाय। हवाई जहाज का किराया 4 रुपये प्रति किमी. पड़ता है, जबकि आॅटो 5 रुपये प्रति किमी. चार्ज करता है। उन्होंने यह भी कहा कि वायुयान से चलने वाले यात्रियों की संख्या पूर्व की अपेक्षा अब दोगुनी हो गयी है।

इस अवसर पर केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवा का निरन्तर विस्तार हो रहा है। गोरखपुर को पूरे भारत से शीघ्र ही विमान सेवा से जोड़ा जायेगा।

इसके उपरान्त UPCM एवं केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु एवं अन्य मंत्रिगण ने मेडिकल काॅलेज में 108 बेड के रैन बसेरे का निरीक्षण किया।

इस मौके पर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage