UPCM ने बलरामपुर के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश (बलरामपुर)।
UPCM ने जनपद बलरामपुर में रिजर्व पुलिस लाइन के सभाकक्ष में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने आकांक्षात्मक जनपद होने के नाते नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की भी समीक्षा की। उन्होंने नीति आयोग व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के तहत जनपद का विकास किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है।

UPCM ने मुख्य चिकित्साधिकारी को समस्त PHC और CHC में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि एम्बुलेन्स सेवा को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही, शत्-प्रतिशत टीकाकरण भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जनपद के किसी भी व्यक्ति की मृत्यु उपचार के अभाव में होती है, तो C.M.O. के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुष्मान भारत योजना केन्द्र सरकार की अत्यन्त महत्वपूर्ण योजना है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने UPCM को आयुष्मान भारत योजना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के पात्र 01 लाख 16 हजार व्यक्तियों को शीघ्र ही गोल्ड कार्ड वितरित किए जाएंगे।
UPCM को शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि ‘पढ़े बलरामपुर, बढ़े बलरामपुर’ अभियान चलाकर बच्चों को विद्यालयों में नामांकन हेतु प्रेरित किया जा रहा है। UPCM ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। सभी विद्यालयों में शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
UPCM ने बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि बोर्ड की परीक्षाओं को नकलविहीन कराने की व्यवस्था की जाए। मानक के अनुरूप केन्द्र बनाए जाएं। नकल की शिकायत प्राप्त होने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

UPCM ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों की आय दोगुनी करने सम्बन्धी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत खेती हेतु जागरूक किया जाए। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी एवं उप निदेशक कृषि को ब्लाॅक एवं पंचायत स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को उन्नत बीज व ड्रिप इरीगेशन और फसलचक्र के सम्बन्ध में जानकारी दी जाए।
UPCM ने कहा कि गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान किया जाए। उन्होंने स्वाॅयल हेल्थ कार्ड वितरित करने, किसानों को उनकी भूमि की मिट्टी के अनुसार खेती करने के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी को आवारा पशुओं के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध करायी गई 01 करोड़ 20 लाख रुपए की धनराशि से गौसदन का निर्माण कराकर पशुओं के आश्रय की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनसहभागिता के साथ कार्य किया जाए।
UPCM ने 15 अक्टूबर, 2018 तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने और 31 अक्टूबर, 2018 तक जनपद को O.D.F. करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर, 2018 तक जनपद के समस्त हैण्डपम्पों को ठीक करा लिया जाए। प्रत्येक गांव को स्वच्छ बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर समितियों का गठन किया जाए, जो खुले में शौच की रोकथाम हेतु लोगों को जागरूक करे।

UPCM ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान 30 नवम्बर, 2018 तक जनपद को पूरी तरह से ऊर्जीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युतीकृत किए जा रहे मजरों का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा कराया जाए। 26 जनवरी को विद्युत उत्सव के रूप में मनाया जाए। विद्युत उपभोक्ताओं के बिजली के बिलों को ठीक कराए जाने के भी निर्देश दिए।
UPCM ने कहा कि सभी पात्रों को शत-प्रतिशत राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की तथा कहा कि सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत पेंशन का भुगतान किया जाए। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में भी तेजी लाने व पात्र मतदाताओं को जोड़े जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रत्येक दिन 02 घण्टे जनता की समस्याओं को सुने व उनका निराकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही, ग्रामों का भ्रमण कर लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दें।
UPCM ने कहा कि बलरामपुर जनपद में थारू जनजाति की अत्यधिक संख्या है। अधिकारी थारू जनजाति के ग्रामों का भ्रमण करें और वहां विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेंशन आदि योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने इन ग्रामों में कैम्प लगाकर लोगों को योजनाओं से संतृप्त कराए जाने के निर्देश दिए।

UPCM ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि पेट्रोलिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रत्येक दिन एक घण्टे अलग-अलग स्थानों पर पेट्रोलिंग की जाए। भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जाए और छेड़खानी आदि की घटनाओं पर पूर्णतया अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले से एक्टिव रहने की आवश्यकता है, जिससे घटनाओं को रोका जा सके।
UPCM ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतया चाक-चैबन्द करने के निर्देश देते हुए कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान होने वाले विवाद पर रोक लगायी जाए। उन्होंने कहा कि धर्मस्थलों की सुरक्षा अतिसंवेदनशील है, इसलिए धर्मस्थलों की सुरक्षा में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि थानों को फरियादियों के अनुकूल बनाते हुए उनके बैठने व पेयजल आदि की व्यवस्था की जाए। थानों पर थानाध्यक्षों की तैनाती मेरिट के हिसाब से की जाए व ईमानदार लोगों की तैनाती की जाए। UPCM ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को जेल के नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए।
UPCM ने जिला मेमोरियल अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों का चिकित्सकों द्वारा नियमित चेकअप किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों में दवाओं की पर्याप्त मात्रा उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जीवनदायक दवाओं की कमी न होने पाए।

बैठक में गन्ना विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा, जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।








