UPCM, राज्यपाल और केन्द्रीय गृह मंत्री ने बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन का नागरिक अभिनन्दन किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM राज्यपाल राम नाईक, और केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल लालजी टंडन का साइंटिफिक कन्वेंशन सेण्टर में नागरिक अभिनन्दन किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल लालजी टंडन ने अपने सामाजिक कार्याें से लखनऊ में पहचान बनाई है। लखनऊ की जनता का उनसे दिली लगाव रहा है। लालजी टंडन ने अपने राजनीतिक जीवन का सफर एक सभासद के रूप में शुरू किया था और आज वे राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद को सुशोभित कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने टंडन जी को ‘गाइड फाॅर गवर्नर्स’ पुस्तक भी भेंट की।

UPCM ने इस मौके पर टंडन जी को बधाई देते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन का लाभ लखनऊ के साथ-साथ बिहार की जनता को भी मिलेगा। टंडन जी का लखनऊ से गहरा नाता रहा है। इसीलिए उन्हें लखनऊ का चलता-फिरता इन्साइक्लोपीडिया कहा जाता है। उन्होंने टंडन को राज्यपाल बनाए जाने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टंडन बिहार के बेहतर विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे, जिससे प्रधानमंत्री के ‘न्यू इण्डिया’ के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने टंडन के बिहार का प्रथम नागरिक बनने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार के राज्यपाल का लखनऊ की जनता से गहरा जुड़ाव है और इस जुड़ाव का कारण उनकी विनम्रता है। उनके पास जब भी कोई व्यक्ति जाता है, तो उसे अनुकूल संवेदना की अनुभूति होती है। विपक्षी दलों के लोगों के मन में भी उनके प्रति काफी सम्मान है। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के रूप में यदि हम अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं तभी देश का सर्वांगीण विकास हो सकता है।

इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि लखनऊ उनकी कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानमंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ का शुभारम्भ किया गया, जिससे पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। उन्होंने कहा कि निःसंदेह ऐसे जनकल्याणकारी कार्य देश को समृद्ध बनाने में सहायक होंगे।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, UP_Dy_CM डाॅ. दिनेश शर्मा, सांसद डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ओर पूर्व मंत्री डाॅ. अम्मार रिज़वी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।








