UPCM ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ‘जागरूकता रैली’ को झण्डी दिखाकर रवाना किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने अपने सरकारी आवास पर विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ‘जागरूकता रैली’ को झण्डी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर उन्होंने जनसंख्या स्थिरता पखवारा का शुभारम्भ भी किया।

UPCM ने अपने सम्बोधन में कहा कि जनसंख्या वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जनसामान्य को जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण ही समाज में एक असंतुलन आ गया है। इस असंतुलन को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। आम लोगों को बेहतर शिक्षा, चिकित्सा, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण, अच्छी सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल सके इसके लिए जनसंख्या नियंत्रण जरूरी है। कुपोषण मुक्त समाज की स्थापना के लिए आवश्यक है कि जागरूकता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गोष्ठियों का आयोजन किया जाए।

UPCM ने कहा कि जनसंख्या का स्थिरीकरण करके ही समाज की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है। वर्तमान में जनसंख्या की बेतहाशा वृद्धि एक ज्वलंत समस्या है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या का स्थिरीकरण भारत जैसे विकासशील देश के लिए आवश्यक है। तभी हम विश्व में एक आर्थिक व सामरिक शक्ति बन सकते है।
UPCM ने कार्यक्रम के अन्त में हस्ताक्षर अभियान की भी शुरूआत की, जिस पर लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन उपलब्ध कराने के लिए संकल्प लिया।

कार्यक्रम में परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, परिवार कल्याण राज्य मंत्री स्वाती सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री डाॅ. महेन्द्र सिंह, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशान्त त्रिवेदी उपस्थित रहे।








