UPCM ने विभिन्न जनपदों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

लखनऊ (21 जुलाई, 2019)। UPCM योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनपदों में आकाशीय बिजली गिरने से हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इन आपदाओं में दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की। जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित जिलाधिकारियों को दैवीय आपदाओं में दिवंगत लोगों के परिजनों को 04-04 लाख रुपए की राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन घटनाओं में घायल लोगों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश देते हुए कहा है कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है और उनकी हर सम्भव मदद के लिए तत्पर है। प्रवक्ता ने बताया कि आज प्राप्त सूचना के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से कानपुर में 07, रायबरेली में 02 और जालौन व चित्रकूट में 01-01 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इनके अलावा जनपद झांसी में 04, हमीरपुर में 03 और फतेहपुर में 02 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।








