UPCM ने हाथरस में 156 करोड़ रु. की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश (हाथरस)।
UPCM ने जनपद हाथरस में 156 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर बांग्ला इण्टर काॅलेज हाथरस में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद हाथरस की अपनी एक पहचान है। उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जनपद के स्थानीय उत्पाद को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर मार्केटिंग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज अग्रणी प्रदेश के रूप में जाना जाता है।

UPCM ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि स्वावलम्बन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनपद हाथरस में डार्कजोन और खारे पानी की समस्या का निदान किया जाएगा। इसके लिए पाइप पेयजल योजना का वृहद स्तर पर क्रियान्यवन किया जाएगा। जनता को स्वच्छ जल, जन सुविधा, स्वास्थ्य के साथ-साथ मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो, इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

UPCM ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा पर्यटन, सडक, ओवरब्रिज, पाॅलीटेक्निक, आई.टी.आई., कौशल विकास के लिये कार्य योजना तैयार की गई है, जिसका क्रियान्वयन किया जा रहा है। नौजवानों को बिना भेदभाव के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
UPCM ने उपस्थित लोगों से स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि माटी कला बोर्ड से ग्राम स्तर पर रोजगार उपलब्ध होगा। प्रदेश सरकार स्थानीय स्तर पर रोजगार विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आजादी के दिन सभी को वृक्षारोपण करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर वृक्षारोपण किया जाए और गांव-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए।









