ग्रामीण आजीविका मे कार्यरत ब्लॉक मिशन मैनेजरों को दिया गया प्रशिक्षण

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन में दीन दयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान बख्शी का तालाब, लखनऊ में विभिन्न सरकारी, अर्धसरकारी विभाग/संस्थाओ के अधिकारियों व कर्मचारियों व विभाग व रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें और अधिक दक्ष व सक्षम बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ द्वारा दिनांक 19 से 22 मई, 2025 की अवधि में महानिदेशक संस्थान एल0 वेंकटेश्वर लू0 के संरक्षण एवं संस्थान के अपर निदेशक (प्र0) सुबोध दीक्षित के मार्ग निर्देशन में ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत “एफ0एन0एच0डब्ल्यू फ्लिप बुक मॉडयूल-1 एवं एम0आई0एस0 लोकोस ट्रांजैक्शन“ विषयक 04 दिवसीय राज्य स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक मिशन मैनेजर (बी0एम0एम0) हेतु आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रशिक्षण के प्रथम दो दिवसों में विभिन्न विषयों यथा-प्रदेश में माताओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य की स्थिति तथा यू0पी0एस0आर0एल0एम0 की भूमिका पर चर्चा, फ्लिप बुक मॉडूयल-1 पर परिचय एवं उपयोग पर चर्चा, जीवन के प्रथम एक हजार दिनों में निवेश, सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार की अवधारणा सिद्धांत एवं रणनीति पर चर्चा, जेण्डर का खाद्य पोषण स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के संबंध पर चर्चा व परिचर्चा, स्वास्थ्य पोषण और स्वच्छता से आपसी सम्बन्ध स्तनपान व माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन तथा महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार के विषयों पर समझ बनाना, सी0एल0एफ कटऑफ, सीट प्रारूप पर चर्चा, सी0बी0ओ0 के ट्रांजैक्शन का इंस्टालेशन एवं यूजर आई0डी0 बनाना, लोकोस ट्रांजैक्शन के फॉर्मेट को साइट पर भरना, क्लस्टर लेवल फेडरशन का अनुश्रवण व डाटा कलेक्शन तथा भुगतान की प्रक्रिया एवं भुगतान इत्यादि पर राज्य स्तरीय सम्बन्धित प्रबुद्ध विषय-विशेषज्ञों द्वारा कुल लक्षित 83 प्रतिभागियों के सापेक्ष 78 प्रतिभागियों की क्षमता संवर्धन करने के साथ द्वितीय दो दिवसों में एम0आई0एस0 पद्धति पर आधारित सम्बन्धित विषयों पर कम्प्यूटर संकाय के विषय-विशेषज्ञों द्वारा ज्ञानवर्धन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्षीय संबोधन के अन्तर्गत संस्थान के अपर निदेशक (प्र0) सुबोध दीक्षित द्वारा प्रतिभागियों को अभिप्रेरित करने के उद्देश्य से प्रासंगिक तथ्यपरक बिंदुओं के माध्यम से प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन करने के साथ सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की नियंत्रक अधिकारी डॉ0 नीरजा गुप्ता, उप निदेशक तथा प्रशिक्षण प्रभारी डॉ0 एस0के0 गुप्ता, सहायक निदेशक द्वारा प्रशिक्षण विषयक मानकों पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया तथा प्रशिक्षण के प्रबन्धन एवं आयोजन के दृष्टिगत डॉ0 विनीता रावत, संकाय सदस्य तथा आरती गुप्ता, विशेषज्ञ का उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान रहा।








