#LDA के टेंडर को पाने के लिए ठेकेदारों में मारपीट का मामला फिर आया सामने

#LDA VC इंद्रमणि त्रिपाठी के लाख दावों व कोशिशों के बाद भी लखनऊ विकास प्राधिकरण में टेंडर की प्रक्रिया में पैंतरेबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही। इस बीच एलडीए में टेंडर के लिए ठेकेदारों में मारपीट होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। गोमतीनगर के विभिन्‍न खंडों के 11 पार्कों को संवारने के नाम पर बीते पांच नवंबर को खुले करीब 60 लाख रुपए के टेंडर पाने के लिए कुछ ठेकेदारों ने एक अन्‍य ठेकेदार के साथ मारपीट की है। पीड़ित ठेकेदार ने गोमतीनगर कोतवाली में आरोपित ठेकेदार व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। ठेकेदार की शिकायत पर शुक्रवार को एलडीए पहुंची गोमतीनगर पुलिस की टीम ने लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।

वहीं ठेकेदार ने एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी को भी प्रार्थना पत्र देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ठेकेदार ने एलडीए में तैनात एक अधिकारी पर लंबे समय से टेंडर की फाइल लटकाने के साथ ही टेंडर वापस लेने का दबाव बनाने जैसा गंभीर आरोप भी लगाया है।

एलडीए की छवि पर एक और दाग लगाने वाली इस घटना ने एक बार फिर एलडीए के अधिकारी व इंजीनियरों की टेंडर कराने की मंशा को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच के लिए अधीक्षण अभियंता एके सिंह को जिम्‍मेदारी दी गयी है।

यह है मामला-

मेसर्स आरती कंस्‍ट्रक्‍शन के सुभांशु कुमार सिंह ने गोमतीनगर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की है कि ठेकेदार वरुन सिंह, अमित सिंह व चार-पांच अन्‍य लोगों ने एलडीए की चौथी मंजिल पर बुधवार को उनपर हमला करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी है। यह लोग एलडीए के ही अधिकारी की शह पर टेंडर वापस लेने के लिए कई दिनों से दबाव भी बना रहे थे। इंस्‍पेक्‍टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित ठेकेदार की तहरीर पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दूसरे ओर सुभांशु सिंह ने उपाध्‍यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि टेंडर होने के बाद भी सहायक उद्यान अधिकारी करन सिंह काफी दिनों से अपने पास टेंडर की फाइल दबाए हैं, ठेकेदारों के अलावा वह खुद भी उनपर टेंडर वापस लेने का बार-बार दबाव बना रहे थे। निविदा वापस नहीं लेने पर ठेकेदार वरुन सिंह व अमित सिंह और उनके साथियों ने उनपर हमला किया है। घटना की फुटेज एलडीए के चौथे फ्लोर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी देखी जा सकती है।

#LDA VC ने मामले की जांच कराने के लिए एलडीए सचिव पवन कुमार गंगवार व चीफ इंजीनियर अवधेश कुमार तिवारी को जिम्‍मेदारी दी है। सचिव ने बताया कि मामले की जांच अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह को सौंपी गयी है। जांच रिपोर्ट के आधार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी एलडीए का माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा।

सौजन्य : https://rajdhaniupdate.com

Related Articles

Back to top button
btnimage