आगरा में ताज महोत्सव-2025 आगामी 18 फरवरी से होगा शुरू : जयवीर सिंह
ताज महोत्सव में कला-संस्कृति तथा ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी का संगम बनेगा

आगरा जनपद में ताज महोत्सव-2025 आगामी 18 फरवरी से 02 मार्च, 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में भारतीय कला संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। विभिन्न प्रदेशों के शिल्पकार अपनी-अपनी शिल्प कला का प्रदर्शन करेंगे। यह ताज महोत्सव घरेलू एवं दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करता है। ताज महोत्सव में हस्तशिल्प, कला, संस्कृति, स्थानीय व्यंजन, आगरा के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विविधिता का आगन्तुक आनंद ले सकेगे।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि ताज महोत्सव प्रति वर्ष बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है। महोत्सव के इस बार की थीम इसे और खास बनाएगी। सिंफनी ऑफ साउंड्स (देशभर के संगीत की मिठास), डिजिटल देसी (परंपरा में आधुनिक तकनीक का समावेश) और कलर्स ऑफ इंडिया (त्योहारों का अनोखा संगम) जैसे विषयों के जरिए यह आयोजन आधुनिकता और परंपरा के बीच संतुलन को दर्शाएगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि ताज महल दुनिया का अजूबा होने के कारण देश-विदेश के पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। ताज महोत्सव समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। भारतीय संस्कृति का जश्न मनाने का यह अद्वितीय मंच प्रदान करता है। तकरीबन 23 वर्ष पहले 1992 में शुरू हुए इस महोत्सव ने भारत के पर्यटन कैलेंडर में अपना विशेष स्थान बनाया है। हर वर्ष वसंत ऋतु में आगरा इस उत्सव के जरिए कला, संगीत और उमंग से भर जाता है। महोत्सव में लगभग 400 शिल्पकार अपने बेहतरीन हस्तशिल्प, जैसे- लकड़ी की नक्काशी, संगमरमर की इनले वर्क और हाथ से बने वस्त्रों को प्रदर्शित करेंगे।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए यह महोत्सव प्रसिद्ध है। लोक संगीत, शास्त्रीय नृत्य और समकालीन प्रस्तुतियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगी। साथ ही, आगरा और विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन और स्ट्रीट फूड के लिए एक खास फूड जोन भी तैयार किया जाएगा। बच्चों और परिवारों के लिए झूले और मनोरंजक राइड्स आदि का प्रबंध किया जाएगा। यह महोत्सव आगरा के कई प्रमुख स्थानों जैसे-शिल्पग्राम पार्किंग, सदर बाजार, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट, फतेहपुर सीकरी और सूर सदन में आयोजित किया जाएगा। ये सभी स्थान आगरा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक अनोखे अनुभव में बदल देंगे। महोत्सव को सफल बनाने के लिए ताज महोत्सव समिति ने इसे बेहतर तरीके से डिजाइन और प्रबंधित करने के लिए कई एजेंसियों को जोड़ा है।
जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा में तीन यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल अपनी प्राचीनता के लिए प्रसिद्ध है। ऐतिहासिक शहर आगरा बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। ताज महोत्सव जैसे आयोजनों से कला-संस्कृति के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलता है।