खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने 05 जिलो में अत्याधुनिक जिमों का उद्घाटन किया
प्रदेश में संचालित तीनों स्पोर्ट्स कालेजों में रिक्त शिक्षकों/खेल प्रशिक्षकों पदों को शीघ्र भरा- गिरीश चन्द्र यादव

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने गुरू गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कालेज, लखनऊ में प्रदेश के 05 जिलो में अत्याधुनिक जिमों (स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ, स्पोर्ट्स कालेज सैफई, स्पोर्ट्स स्टेडियम कानपुर देहात, स्पोर्ट्स स्टेडियम हरदोई, स्पोर्ट्स स्टेडियम फर्रूखाबाद) का आनलाईन उद्घाटन किया गया। उन्होंने सभी जिमों की अवस्थापना आनलाइन देखी तथा स्पोर्ट्स कालेज, लखनऊ के जिम उपकरणों को चलाकर देखा और संतुष्टि व्यक्त की।
खेल मंत्री ने इसके पश्चात खेल विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा भी की। बैठक में तीनों कालेजों की खेल एवं शैक्षिक उपलब्धियां, आय-व्यय बजट, कालेजों में हो रहे निर्माण एवं अन्य आवश्यक समस्याओं पर चर्चा की गयी। बैठक में तीनों स्पोर्ट्स कालेजों में रिक्त शिक्षकों/खेल प्रशिक्षकों पदों को प्रतिनियुक्ति से भरे जाने हेतु विज्ञापन प्रकाशित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। खेलों में और अधिक उपलब्धियों को अर्जित करने हेतु तीनों प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश प्रदान किये गये। बैठक में गुरू गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ में बहुउद्देशीय हाल के निर्माण कराकर इन्डोर गेम्स के संचालन एवं बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज, गोरखपुर में एथलेटिक्स रनिंग ट्रैक एवं हास्टल के निर्माण किये जाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव खेल मनीश चौहान, सचिव खेल सुहास एल०वाई०, संयुक्त सचिव हृदय नारायण सिंह यादव, संयुक्त सचिव वित्त कुवंर मकरन्द सिंह, निदेशक खेल डा० आर०पी० सिंह, विश्वजीत सिंह उप-सचिव, एम0पी0 सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं अर्जुन अवार्डी, सैय्यद अली ओलम्पियन, उदयभान यादव तथा तीनो कालेजो के प्रधानाचार्य यथा स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ अनिमेश सक्सेना, स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर आले हैदर एवं स्पोर्ट्स कालेज, सैफई सर्वेन्द्र सिंह चौहान ने बैठक में प्रतिभाग किया।








