सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग पहुँचे #BJP कार्यालय, हुआ स्वागत

सिंगापुर के भारत में उच्चायुक्त साइमन वोंग ने भारतीय जनता पार्टी राज्य मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से भेंट कर प्रदेश से जुडे़ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया तथा श्रीमद्भगवद् गीता की एक प्रति भी भेंट की।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुलाकात के दौरान साइमन वोंग को उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे सर्वांगीण विकास से अवगत कराया। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसान हित में लिए गए निर्णयों से भी उन्हें अवगत कराया जिससे आज किसान लाभान्वित हो रहा है। गरीबों के लिए सरकार द्वारा मुफ्त आवास, शौचालय, स्वास्थ्य, शिक्षा से लेकर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और अपराध पर जीरों टालरेंस की नीति के चलते आज देश-विदेश का हर निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि अब योगी सरकार में सुशासन और विकास उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगें। उन्होंने कहा कि हमारे पास एक ईमानदार, परिश्रमी नेतृत्व केन्द्र और प्रदेश में है।
सिंगापुर के भारत में उच्चायुक्त साइमन वोंग का भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री डा. चन्द्रमोहन, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रियंक पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।







