कार्यालय समय से खुलने व शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाय : केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन ठोस व प्रभावी रणनीति बनाकर पूरी टीम भावना के साथ व आपसी समन्वय बनाकर पूरा करें। ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए योजनाओं को पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की लगातार समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए तथा फील्ड पर जाकर मौके की हकीकत भी जानी जाय।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि परियोजनाओं में लाभार्थियों के चयन के लिए पात्रता की सघनता से जांच की जाए व चयन में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। अपात्रों का चयन कतई नहीं होना चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि सभी कार्यालय समय से खुले और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। कोई भी पत्रावली किसी भी पटल पर लंबित नहीं रहना चाहिए, विशेषकर परिवादो के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं को युद्ध स्तर पर संचालित करें ।गांव, गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया जाए , ग़रीबों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य धरातल पर नजर आने चाहिए ।
केशव प्रसाद मौर्य ने गन्ना संस्थान में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क अभिकरण के सभागार में ग्राम विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी 100 दिनों में किए जाने वाले विशेष कार्यों के बारे में भी की गई तैयारियों की जानकारी हासिल की। संबंधित योजनाओं के बारे में तत्संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण किया। निर्देश दिए जिन योजनाओं में जिन लाभार्थियों को लाभ दिया जाय, उन्हें उच्च स्तर से पत्र भेजा जाए तथा लाभार्थियों से उनका फीडबैक भी लिया जाए ।उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की पात्रता सूची में पूरी पारदर्शिता बनाये रखी जाए और ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी होनी चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि मनरेगा में मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने के लिए पुराने पत्रों का हवाला देते हुए भारत सरकार को उनकी ओर से पत्र भेजा जाए। मनरेगा के तहत कराए जा रहे विभिन्न कार्यों यथा- श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण),उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना, बी०सी० सखी आदि योजनाओं के बारे में भी विस्तार से समीक्षा की। कहा कि मनरेगा में अधिक से अधिक लोगों को कार्य देने हेतु विशेष रुप से बल दिया जाए.
बैठक में राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विजय लक्ष्मी गौतम ,अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कल्पना अवस्थी,आयुक्त ग्राम्य विकास वी0के0 सिंह महानिदेशक राज्य ग्रामीण विकास संस्थान वेंकटेश्वर लू , उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी, अपर आयुक्त ग्राम्य विकास योगेश कुमार संयुक्त विकास आयुक्त राजेश कुमार, निदेशक एवं मुख्य अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बिजेंद्र कुमार ,मुख्य अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग वीरपाल राजपूत सहित अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







