नवाबों के शहर में एलडीए के नवाब अफसर मंडलायुक्त के सामने भी नहीं छोड़ पा रहे नवाबी

वैसे तो लखनऊ नवाबों का शहर कहा है क्योंकि यहां की हवा में भी नवाबी है। वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण के उच्च पद पर बैठे दो अफसर लखनऊ मंडलायुक्त के सामने भी अपनी नवाबी कम नहीं होने दे रहे हैं।
आप तस्वीरों में साफ देख सकते हैं कि किस प्रकार एलडीए के दो अफसर लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब के सामने पैर के ऊपर पैर रखकर बैठक का मजा ले रहे हैं। ये वही अफसर है जो एलडीए में अवैध निर्माण पर अपनी पैनी नजर रखते हैं। बावजूद इसके लखनऊ जैसी स्मार्ट सिटी में अवैध निर्माण दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
एलडीए सचिव पवन गंगवार और अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा को अपने उच्च अधिकारी के सामने बैठने तक का तरीका नहीं पता है। वहीं एलडीए उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारी अपनी गंभीर मुद्रा में सही बैठे हैं। मंडलायुक्त रोशन जैकब के आदेशों के बाद भी भूमाफिया लखनऊ के कोने कोने में अपनी अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं और न जाने एलडीए के किस अफसर की क्षत्रछाया उनपर बनी हुई है?

एलडीए में उच्च पदों पर बैठे अधिकारी केवल कागजी कार्यवाही कर मंडलायुक्त के समक्ष अपनी रिपोर्ट पेश कर अपनी वाहवाही पाने के लिए आगे रहते हैं। लेकिन धरातल पर अगर जांच की जाए तो बहुत ऐसे मामले हैं जिनमें आदेश तो किए गए लेकिन बाद में आदेश भी ध्वस्त हो गए और फाइल भी ध्वस्त हो गई।








