आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत ‘‘हर घर तिरंगा’’ सप्ताह कार्यक्रम को राजधानी में सफल बनाये: रोशन जैकब

मण्डलायुक्त डाॅ रोशन जैकब की अध्यक्षता में 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण के मसऊद सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
मंडलायुक्त ने कहा की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को धूम-धाम, नए उत्साह व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस सम्बंध में उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था चाक-चैबंद होनी चाहिए। इसके लिए सम्बंधित अधिकारी ड्रेन की सफाई अच्छे तरीके से कराना सुनिश्चित कराएं और सफाई कर्मचारी ड्रेस, गमबूट, गलप्स के साथ कार्य करते नजर आने चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम आपस में समन्वय स्थापित करके लाइटिंग, रेलिंग की डेंटिंग/पेन्टिंग आदि कार्य सुनिश्चित करेंगे। इस क्रम में व्यापारिक प्रतिष्ठान, शोरूम आदि को एकरूपता के तहत सजाने का कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि भवनों, बेंच, डिवाइडर की रंगाई पुताई का कार्य भी सम्बंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। 75 वीं वर्षगांठ के तहत हजरतगंज को भव्य तरीके से सजाया जाए।
तत्पश्चात मंडलायुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम देशभर में गरिमामयी रूप से मनाया जा रहा, जिसके क्रम में ‘‘हर घर तिरंगा’’ सप्ताह कार्यक्रम मनाये जाने हेतु शासन द्वारा निर्देश प्राप्त हुए हैं। निर्देश के अनुरूप जनपद के प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीक के प्रति सम्मान का भाव उजागर करने के उद्देश्य से जनपद के सभी घरों, कार्यालयों, शैक्षणिक, व्यावसायिक, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों आदि में 11 अगस्त 2022 से 17 अगस्त 2022 तक स्वतन्त्रता सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाने हैं। इस सम्बंध में उन्होंने सभी उद्यमियों/व्यापारियों/उद्यमी संगठनों/व्यापारी संगठनों से ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। मण्डलायुक्त ने सभी उद्यमियों/व्यापारियों/उद्यमी संगठनों/व्यापारी संगठनों से यह भी अपील किया है कि खादी के कपड़े एवं सूती कपड़े के बने झण्डे का ही प्रयोग करें।
उन्होंने हर घर तिरंगा सप्ताह कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अनुरोध किया है कि भारतीय स्वाधीनता की 75 वीं वर्षगाठ के अति विशिष्ट अवसर पर मनाये जा रहे स्वतन्त्रता सप्ताह में अपनी सहभागिता के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनायें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, इंद्रमणि त्रिपाठी (उपाध्यक्ष) लखनऊ विकास प्राधिकरण, पवन कुमार गंगवार (सचिव) लखनऊ विकास प्राधिकरण, अपर जिलाधिकारी (पूर्वी), अपर नगर आयुक्त व अन्य सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।








