LDA उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जानकीपुरम विस्तार स्थित सोपान इन्क्लेव का किया निरीक्षण, 15 लाख का जुर्माना

Lucknow LDA: जानकीपुरम विस्तार स्थित सोपान इन्क्लेव की दिक्कतें जल्द दूर होंगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को योजना का निरीक्षण करके सीसीटीवी, पीएनजी पाइप लाइन, ड्रेनेज सिस्टम व अतिक्रमण हटाने आदि का कार्य कराने के सम्बंध में अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कार्यों को सम्पादित करने की समय सीमा भी निर्धारित कर दी है। निरीक्षण के दौरान अपार्टमेंट में अव्यवस्था मिलने पर उपाध्यक्ष ने कड़ा कदम उठाते हुए कार्यदायी संस्था पर 15 लाख का जुर्माना भी लगाया है।
अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला ने बताया कि आज उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने सोपान इन्क्लेव का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके द्वारा आवंटियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना गया और इनके निराकरण हेतु निर्देश दिये गए। उपाध्यक्ष ने अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये, जिसका कार्य 10 अगस्त तक पूर्ण कराने की समय सीमा निर्धारित की। आवंटियों द्वारा लिफ्ट की खराबी के सम्बंध में शिकायत की गई, जिस पर उपाध्यक्ष ने लिफ्ट सही कराकर इसकी ए0एम0सी कराने के निर्देश दिए। पीएनजी कनेक्शन के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने कंपनी के अधिकारी से मौके पर ही वार्ता की और पाइप लाइन बिछाकर फ्लैटों में पीएनजी कनेक्शन देने का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। आवंटियों ने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम खराब है तथा बरसात के समय बेसमेंट पार्किंग में जलभराव हो जाता है। इस पर उपाध्यक्ष ने सहायक अभियंता नरेन्द्र सिंह को जल्द से जल्द इसकी समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बेसमेंट में लगी लाइटों को भी ठीक कराने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान अपार्टमेंट के मेन्टेनेंस में यह तमाम खामियां मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था चिन्मय कंस्ट्रक्शन पर 15 लाख रूपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिये हैं।
30 जुलाई तक हटायें अतिक्रमणः उपाध्यक्ष
आवंटियों द्वारा अपार्टमेंट व आसपास अवैध अतिक्रमण की भी शिकायत की गई। इस पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर सभी तरह के अवैध अतिक्रमण हटा दिये जाएं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा कम्पाउंड में दुकान के बाहर अतिक्रमण किया गया है, उन्हें अतिक्रमण हटाने के सम्बंध में चेतावनी दी जाए, अन्यथा विधिक परीक्षण कराते हुए उनका आवंटन निरस्त कराया जाए। इसके अलावा अपार्टमेंट के पीछे अवैध रूप से बसी झुग्गी-झोपड़ी को नगर निगम व पुलिस बल के सहयोग से हटाया जाए। उपाध्यक्ष का कड़ा रूख देख अधिकारियों ने तुरंत ही अतिक्रमण हटाने के सम्बंध में माइक से अनाउंसमेंट शुरू करा दिया। इसके बाद उपाध्यक्ष ने जानकीपुरम विस्तार के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे, डिवाइडर व ग्रीन बेल्ट पर स्थित अवैध अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर हटाया जाए।
हर शनिवार को योजनाओं का निरीक्षण
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अब उनके द्वारा प्रत्येक शनिवार को प्राधिकरण की योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में मिलने वाली खामियों व समस्याओं का सम्बंधित अधिकारियों के द्वारा समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा, जिसकी समीक्षा में वह स्वयं करेंगे।








