गोसाईंगंज में गरजा एलडीए का बुलडोजर, 03 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गयीं
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान 03 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि बृजेन्द्र वर्मा उर्फ कल्लू नेता व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के मोहारी कला में न्यू जेल रोड पर नवीन मण्डी स्थल के पास लगभग 16 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा मौके पर अभियान चलाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि भारत कुमार, वरदानी व दिनेश द्वारा गोसाईंगंज के ग्राम-सेमनापुर में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह रमेश कुमार शुक्ला व अन्य द्वारा ग्राम-सेमनापुर में लगभग 08 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।








