#LDA: सुल्तानपुर रोड पर योजनाएं विकसित करने की दिशा में शुरू हुआ काम

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सुल्तानपुर रोड पर किसान पथ से लगी हुई 700 एकड़ भूमि व अंसल एपीआई द्वारा छोड़ी गयी 1000 एकड़ भूमि का किया अवलोकन

दोनों क्षेत्रों में चल रही अवैध प्लाटिंग/अनाधिकृत निर्माणों को प्राधिकरण द्वारा विशेष अभियान चलाकर किया जाएगा ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा लखनऊ-सुल्तानपुर रोड और अंसल एपीआई द्वारा छोड़ी गयी भूमि पर टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा शनिवार को दोनों क्षेत्रों का स्थलीय अवलोकन किया गया।

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सुल्तानपुर रोड के उत्तर दिशा में किसान पथ से लगी हुई ग्राम चौरासी, मलूकपुर ढ़कवा, चुरहिया, बक्कास, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा आदि गांव की लगभग 700 एकड़ जमीन देखी गयी। इसके बाद सुल्तानपुर रोड के दक्षिणी तरफ मेसर्स अंसल एपीआई द्वारा छोड़ी गयी लगभग 1000 एकड़ जमीन का स्थलीय अवलोकन किया गया। इन दोनों जगहों पर भूमि को लैंड पूलिंग/अर्जन के माध्यम से टाउनशिप विकसित करने के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिये गए।

उपाध्यक्ष ने बताया कि इन दोनों क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग/अनाधिकृत निर्माणों को विशेष अभियान चलाकर ध्वस्त कराया जाएगा, जिसके लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिये गए हैं।

इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी (अर्जन) अमित राठौर, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता, तहसीलदार शशिभूषण पाठक एवं विवेक शुक्ला समेत नियोजन, अभियंत्रण व अर्जन अनुभाग के अन्य सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage