लखनऊ में 20 करोड़ रूपये की लागत से बनेगा हैप्पीनेस पार्क व यूपी दर्शन प्रोजेक्ट

गोमती रिवर फ्रंट में सुरक्षा व अनुरक्षण की समस्या होगी दूर, मण्डलायुक्त ने सिंचाई विभाग को एनओसी देने के दिये निर्देश

इकाना स्टेडियम के पास प्रस्तावित बंधे के एलाइनमेंट व डिमार्केशन का कार्य जल्द पूरा करेंः मण्डलायुक्त

लखनऊ में 20 करोड़ रूपये की लागत से बनेगा हैप्पीनेस पार्क व यूपी दर्शन प्रोजेक्ट, मण्डलायुक्त ने दोनों प्रस्तावों का किया अवलोकन

लखनऊ 19 नवम्बर 2022
लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त, लखनऊ डाॅ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में शनिवार को प्राधिकरण भवन के मसऊद सभागार में गोमती रिवर फ्रंट, हेरिटेज जोन, हैपिनेस पार्क, यूपी दर्शन व इकाना स्टेडियम के पास बंधे के एलाइनमेंट को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

इस बैठक में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर पियूष मोर्डिया, सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी-प्रशासन अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय एवं डूडा के परियोजना अधिकारी सुधीर सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा रिवर फ्रंट के अनुरक्षण, व्यय, सुरक्षा व्यवस्था, आय के वर्तमान व प्रस्तावित स्त्रोत को लेकर चर्चा की गयी। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि सिंचाई विभाग द्वारा सिविल एवं इलेक्ट्रिक के कार्यों की एनओसी नहीं दिये जाने से रिवर फ्रंट के अनुरक्षण व सुरक्षा को लेकर समस्या हो रही है।

इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये कि सिंचाई विभाग द्वारा प्राधिकरण को सम्बंधित कार्यों के लिए तत्काल एनओसी दी जाए। इसके अलावा 16 किलोमीटर लंबे रिवर फ्रंट के अनुरक्षण का खर्च निकालने के लिए तैयार किये गये प्रस्ताव को लागू किया जाए। इसके अंतर्गत फूड मोबाइल वैन, पार्किंग, टिकटिंग, वाॅटर बस एवं क्रिकेट स्टेडियम का संचालन तथा वैवाहिक स्थल का आवंटन किया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त मण्डलायुक्त ने हेरिटेज जोन के विषय में कहा कि हुसैनाबाद में पीएसी की कंपनी तैनात होने से उसके पर्यटन स्थल के रूप में उपयोगिता कम हो रही है। साथ ही वहां वाहनों के आवागमन व टेंट लगाये जाने से टाइल्स भी टूट-फूट रही हैं। ऐसे में पीएसी की कंपनी को नियमानुसार दूसरे स्थान पर विस्थापित किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि अब तक प्राधिकरण द्वारा जो परिसम्पत्तियां पूर्णतः तैयार कर ली गयी हैं, उन्हें हुसैनाबाद ट्रस्ट को हैंडओवर कर दिया जाए, जिसके बाद ट्रस्ट द्वारा इनके अनुरक्षण व सुरक्षा का कार्य किया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने इकाना स्टेडियम के पास प्रस्तावित बंधा को लेकर निर्देश दिये कि बंधे का एलाइनमेंट बनाकर डिमार्केशन का कार्य जल्द से जल्द करा लिया जाए।

बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने केजीएमयू के सामने स्थित गौतम बुद्ध पार्क में बनने वाले हैप्पीनेस पार्क एवं गोमती नगर में ताज होटल से सटे एलडीए पार्क में बनने वाले यूपी दर्शन प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया।

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इन दोनों प्रोजेक्टों की अनुमानित लागत तकरीबन 20 करोड़ रूपये है तथा इनका कार्य स्मार्ट सिटी से फंड हो रहा है।

Related Articles

Back to top button
btnimage