गोमती नगर समेत चार जगहों पर एलडीए बनाएगा हाईटेक ग्रुप हाउसिंग फ्लैट्स

चारबाग में पी0पी0पी0 मोड पर विकसित होगा आधुनिक बस टर्मिनल, बसंतकुंज योजना में 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनेगा ई-ऑटो/रिक्शा चार्जिंग स्टेशन

एलडीए की व्यावसायिक दुकानें खरीदना होगा आसान, अब ई-नीलामी के बजाए ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ के तहत बेची जाएंगी

लखनऊ विकास प्राधिकरण गोमती नगर, गोमती नगर विस्तार, ऐशबाग व बसंतकुंज योजना में हाईटेक ग्रुप हाउसिंग फ्लैट्स बनाएगा। जिनमें स्वीमिंग पूल, जिम, क्लब हाउस, योगा सेंटर, प्ले जोन, ग्रीन एरिया समेत अन्य विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं होंगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में मंगलवार को हुयी प्राधिकरण बोर्ड की 185वीं बैठक में यह ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट समेत विकास एवं जनहित के कई प्रस्ताव स्वीकृत किये गये।

बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा, मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, बोर्ड के सदस्य पुष्कर शुक्ला एवं पी0एन0 सिंह समेत सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर के विराज खण्ड में 4.5 एकड़, गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में राप्ति अपार्टमेंट के पास 3.5 एकड़, ऐशबाग में मिल रोड पर 4.63 एकड़ और बसंतकुंज के सेक्टर-जे में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने 3.7 एकड़ क्षेत्रफल में ग्रुप हाउसिंग का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें 3 बीएचके (स्टडी), 3 बीएचके व 2 बीएचके (स्टडी) श्रेणी के 1100 से अधिक फ्लैट्स बनाये जाएंगे। इन चारों जगहों पर ग्रुप हाउसिंग के निर्माण के लिए ऑनलाइन डिमाण्ड सर्वे भी करा लिया गया है। इसके अलावा बसंतकुंज योजना में प्रधानमंत्री आवास कालोनी के पास 1000 वर्गमीटर जमीन पर ई-ऑटो चार्जिंग स्टेशन विकसित किया जाएगा। जिसके लिए उक्त भूमि सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड को प्रतिवर्ष 01 रूपये के टोकन मनी पर पांच वर्ष के लिए आवंटित की जाएगी।

वहीं, देवपुर पारा स्थित एलडीए की प्रसून विहार योजना में 1832 बहुमंजिला आवासीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन भवनों में लिफ्ट, डीजी सेट, अग्निशमन संयंत्र व वाह्य विकास की नवीन विधियों का प्रावधान किया गया है। जिसके दृष्टिगत योजना में निर्मित किये जा रहे 01 बीएचके, 02 बीएचके भवनों को एफोरडेबल हाउसिंग के रूप में बेचा जाएगा, जिसके लिए शीघ्र पंजीकरण खुलेगा।

‘पहले आओ-पहले पाओ’ से बिकेंगी दुकानें

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में निर्मित व्यावसायिक दुकानों, हॉल व स्टोर को अब ई-नीलामी के बजाये ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के तहत बेचा जाएगा। इससे आम नागरिक प्राधिकरण की आरक्षित दरों पर ही दुकानें खरीद सकेंगे। इससे व्यवसाय करना आसान होगा और लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। वहीं, नंदाखेड़ा तुलसी कॉम्पलेक्स पर काबिज 42 अध्यासियों को विस्थापन नीति के तहत प्रधानमंत्री आवास देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा प्राधिकरण में सृजित एवं संरक्षित पत्रावलियों को पूर्णतः स्कैन कर संरक्षित रखने के उपरान्त शासनादेश के क्रम में वीडिंग किए जाने का प्रस्ताव भी पास हो गया है।

शहर में गगनचुंबी इमारतों के निर्माण को हरी झंडी

शहरों में भवनों के निर्माण के लिए लागू किये गये न्यू बिल्डिंग बायलॉज एंड जोनिंग रेग्युलेशन-2025 को प्राधिकरण द्वारा अंगीकृत करने के प्रस्ताव को बोर्ड से मंजूरी मिल गयी है। इससे राजधानी में ऊंची इमारतों आदि के निर्माण का रास्ता साफ होगा और नियोजित विकास को बल मिलेगा। इस क्रम में विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कालोनियों को छोड़कर आवासीय भू-उपयोग में शासकीय विभागों द्वारा निर्मित 09 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर एकल आवासीय भवन मानचित्रों को कुछ शर्तों के साथ स्वीकृत किया जाएगा।

ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में उपयोग होगा सुख-सुविधा शुल्क

उपाध्यक्ष ने बताया कि शहीद पथ, किसान पथ व ग्रीन कॉरिडोर को विशेष सुख सुविधा के रूप में अधिसूचित कराने का निर्णय लिया गया है तथा भवन मानचित्रों पर लगने वाले विशेष सुख सुविधा शुल्क में वृद्धि प्रस्तावित की गई है। उन्होंने बताया कि शुल्क के मद में प्राप्त होेने वाली धनराशि को अवस्थापना निधि की तरह ग्रीन कॉरिडोर (पक्का पुल से डालीगंज तक) के निर्माण में उपयोग किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage